गोरखपुर।
अपर मुख्य सचिव के निर्देश के बाद भी मेडिकल कॉलेज के सेंट्रल पैथोलॉजी में लगे डिस्प्ले बोर्ड पर मरीजों के नाम अंग्रेजी में ही डिस्प्ले हो रहे हैं। उधर, नाम हिंदी में डिस्प्ले करने से सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने हाथ खड़े कर दिए हैं।
बीते 22 जून को चिकित्सा-शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव अनीता भटनागर जैन ने मेडिकल कॉलेज का दौरा किया था। इस दौरान वह सेंट्रल पैथोलॉजी के बाहर लगे डिस्प्ले बोर्ड में अंग्रेजी में मरीजों के नाम देखकर नाराज हो गईं। उन्होंने नाम हिंदी में डिस्प्ले करने का निर्देश दिया। मैडम का गुस्सा देख अधिकारियों ने तीन दिन में नाम हिंदी में डिस्प्ले करने की बात कही थी। सेंट्रल पैथोलॉजी इंचार्ज डॉ. शिल्पा मल्ल ने बताया कि मरीजों के नाम की फीडिंग कंप्यूटर में पर्चा काउंटर पर ही होती है। उसमें नाम अंग्रेजी में ही लिखा जाता है। हिंदी में नाम डिस्प्ले करने के लिए मरीज के नाम की इंट्री दो जगह करनी पड़ेगी। इसके लिए दो गुना मानव श्रम लगेगा। कॉलेज के सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने ऐसा करने से हाथ खड़े कर दिए हैं।