गोरखपुर। आतिफ मेमोरियल आल इंडिया क्रिकेट चैंपियनशिप के अंतर्गत शुक्रवार को हुए मैच में गोरखपुर ब्लू ने डीसीए लखीमपुर को 8 विकेट से पराजित किया। सेडिका क्रिकेट ग्राउंड पर टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी डीसीए लखीमपुर की पूरी टीम महज 58 रनों पर ही सिमट गई। गेंदबाजी में गोरखपुर ब्लू की ओर से दिपेश शर्मा ने सर्वाधिक 4 और चक्रधर ने 2 विकेट हासिल किए। बल्लेबाजी में शिसराम ने 16 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गोरखपुर ब्लू की टीम ने महज 10 ओवरों में ही दो विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। सर्वाधिक 18 रन शैलेंद्र ने बनाए। गेंदबाजी में लखीमपुर के विशाल और शिसराम को एक-एक विकेट मिला।
वहीं दूसरे मैच में नायडू क्लब छत्तीसगढ़ ने डीसीए बहराइच को 20 रनों से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए नायडू क्लब ने 30 ओवरों में 115 रन का टारगेट दिया। बल्लेबाजी में कार्तिक 29 और प्रणव ने 22 रन बनाए। बहराइच की ओर गेंदबाजी करते हुए अंशुमान ने 4 और सौरभ ने 3 खिलाड़ियों को आउट किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीसीए बहराइच की टीम 30 ओवरों में 95 रनों पर ही सिमट गई। विकास ने 17 रन बनाए। नायडू क्लब की ओर से कार्तिक और पार्थ ने दो-दो विकेट हासिल किए।