हैंसर (संतकबीरनगर)। धनघटा क्षेत्र के जिगिना गांव में रविवार सुबह सोती हुई दो बहनों पर पड़ोसी महिला ने खौलता पानी फेंक दिया। दोनों गंभीर रूप से झुलस र्गइं। परिजन आनन-फानन में उन्हें सीएचसी मलौली ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल और फिर यहां से गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
लड़कियों के पिता रामचरन का कहना है कि उनकी बेटी प्रीति (12) वर्ष और प्रिया सात वर्ष घर के बाहर दरवाजे पर सोई हुईं थीं। उसी समय पड़ोस की एक महिला ने रंजिश के चलते दोनों पर खौलता पानी फेंक दिया। इससे दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं। चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़ कर पहुंचे, तब तक महिला भाग चुकी थी। परिजनों ने बुरी तरह से झुलसी दोनों बालिकाओं को सीएचसी मलौली लाकर भर्ती कराया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पीड़ित रामचरन ने थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। एसओ प्रदीप सिंह का कहना है कि मामले में केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं सीएचसी के वरिष्ठ चिकित्सक उमर हसरत अंसारी ने बताया कि किशोरियां बुरी तरह से झुलस गईं। दोनों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाया गया है।