गोरखपुर। बाढ़ से उफनाई नदी में नहाने गए दो छात्र समेत पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। उधर, चिलुआताल इलाके में भी एक युवक नदी में डूब गया। घटना 15 अगस्त की है। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला, लेकिन काफी कोशिश के बाद भी चिलुआताल इलाके में डूबे युवक का पता नहीं चल सका। पुलिस आसपास के इलाकों में घूमकर लोगों को नदी की ओर न जाने की हिदायत दे रही है।
कैंपियरगंज प्रतिनिधि के मुताबिक कूई गांव रावगंत निवासी शहनवाज (13) पुत्र जमाल अहमद, शहजाद (14) पुत्र शब्बीर भानमती द्रौपती देवी इंटर कॉलेज में कक्षा आठ के छात्र थे। दोनों 15 अगस्त को स्कूल से लौटे और नहाने के लिए कलान नाले पर बने पुल पर चले गए। इसी दौरान शहनवाज का पैर फिसल गया और वह डूबने लगा। उसे बचाने के लिए शहजाद कूदा, लेकिन दोनों डूब गए। यही पर खेत में सब्जी काटने गए अलेनावाद गांव निवासी जगरनाथ (32) की भी डूबने से मौत हो गई। नदी में डूबी सब्जी काटने के दौरान वह तेज धारा में बह गए।
उधर, चिलुआताल प्रतिनिधि के मुताबिक मानीराम निवासी श्रीराम गौड़ (35) की भी नदी में डूबने से मौत हो गई। वह नहाने गए थे इसी बीच गहरे पानी में चले गए। गोताखोरों ने उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। पिपराइच प्रतिनिधि के मुताबिक बरौली टोला निवासी 35 वर्षीय रमेश की मंगलवार शाम तुर्रा नाले में डूबने से मौत हो गई। रजही में सब्जी खरीदने जा रहे थे। जल्दी पहुंचने के चक्कर में तुर्रा नाले में उतर गए और गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। पीपीगंज के 85 वर्षीय निवासी एक बुजुर्ग शौच को गया था। इसी दौरान पैर फिसल जाने की वजह से गहरे पानी में चला गया। जिससे उसकी मौत हो गई।