महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित मुद्रा लोन मेले में युवाओं और बेरोजगारों की भीड़ उमड़ पड़ी। आवेदन लेने वालों को बमुश्किल संभाला जा सका। मेले का उद्घाटन करते हुए सदर सांसद महंत आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना अल्प एवं मध्यम आय वर्ग के साथ साथ बेरोजगार नौजवानों के लिए स्वरोजगार एवं स्वावलंबन की महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा की गारंटी है। मेले में 7336 लोगों ने शिशु, किशोर और तरुण योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से लोन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया।
रविवार को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के अंतर्गत आयोजित मुद्रा लोन मेले के उद्घाटन मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार ग्रहण करते ही नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और आमजन के स्वावलंबन के लिए अनेक कल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा से संबंधित योजना घोषित की। उनमें बिना जमा पूंजी के किसी भी व्यक्ति को खाते खोलने से संबंधित प्रधानमंत्री जनधन योजना में अब तक 20.3 करोड़ से अधिक खाते खुले। प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना आदि कल्याणकारी योजना शुरू की गई, लेकिन भारत जैसे विकासशील देश में एक बड़ी संख्या में ठेला, खुमचा, फेरी-पटरी व्यवसायियों के लिए सामाजिक सुरक्षा के अंतर्गत कोई भी सरकारी योजना अब तक नहीं थी।
ऐसे लोगों के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना बहुत लाभकारी है। इसलिए इस योजना से अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें इसके लिए गोरखपुर में सभी राष्ट्रीयकृत बैंकाें और ग्रामीण बैंकों ने मिलकर एक साथ मुद्रा लोन मेला महाराणा प्रताप इंटर कालेज के मैदान में आयोजित किया है।
इस मौके पर भारतीय स्टेट बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक कमलेश राय ने योजना के अंतर्गत विभिन्न लोन के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम में पीएनबी के सहायक महाप्रबंधक एपी गर्ग, यूनियन बैंक के सहायक महाप्रबंधक एमपी सिंह, सेंट्रल बैंक के महाप्रबंधक आलोक श्रीवास्तव, इलाहाबाद बैंक के सहायक महाप्रबंधक हरिमोहन ने भी लोगों को योजना के बारे में बताया। कार्यक्रम में भारतीय स्टेट बैंक समेत 21 राष्ट्रीयकृत बैंक और ग्रामीण बैंक के अधिकारियों के अलावा पूर्व विधान परिषद सदस्य विनोद पांडेय, उपेंद्र दत्त शुक्ल, जनार्दन तिवारी, रणंजय सिंह जुगनू, ऋषि मोहन वर्मा आदि मौजूद थे। संचालन भारतीय स्टेट बैंक की रीता श्रीवास्तव ने किया।