50 साल के हो चुके प्राइमरी शिक्षकों
को स्क्रीनिंग कर हटाएगा विभाग
देवरिया में स्क्रीनिंग के लिए एडी बेसिक के नेतृत्व में बनी चार सदस्यीय कमेटी
अमर उजाला ब्यूरो
देवरिया। बेसिक शिक्षा विभाग ने 50 वर्ष की आयु पूरी कर चुके शिक्षक व शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की सूची मांगी है। उनके10 साल के कार्यों की गोपनीय आख्या भी मांगी गई है। इसी आख्या के आधार पर तय होगा कि संबंधित शिक्षक-कर्मचारी से आगे सेवा ली जाएगी या तीन माह की अग्रिम नोटिस देकर अनिवार्य सेवानिवृत्त दी जाएगी। बेसिक शिक्षा सचिव रूबी सिंह ने 15 दिसंबर तक ऐसे शिक्षकों की सूची बनाने के निर्देश दिए हैं। जिले में करीब डेढ़ हजार शिक्षक 50 वर्ष से अधिक आयु के हैं।
ऐसे सभी शिक्षकों की सूची और गोपनीय आख्या चार सदस्यीय स्क्रीनिंग कमेटी के समक्ष रखी जाएगी। सचिव के पत्र का हवाला देते हुए बीएसए माधवजी तिवारी ने सभी बीईओ से अपने क्षेत्र के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत ऐसे शिक्षक व कर्मचारियों की सूची तत्काल उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। शासन के आदेश से शिक्षकों में खलबली है।
ये चार सदस्य होंगे स्क्रीनिंग कमेटी में
स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) होंगे। बीएसए, मुख्यालय के बीईओ और संबंधित ब्लाक के बीईओ को इसका सदस्य नामित किया गया है।
सरकार का निर्णय शिक्षक हितों के खिलाफ है। 50 साल के बाद अनिवार्य सेवानिवृत्ति देना सही व्यवस्था नहीं है। 18 दिसंबर को प्रयागराज में होने वाली संगठन की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
- शैलेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष प्राथमिक शिक्षक संघ।