गोरखपुर। विद्यार्थियों को जरूरी सुविधाओं के लिए भागदौड़ और धरना-प्रदर्शन की जरूरत नहीं है। उनकी समस्याओं का झट समाधान होगा। वे अपनी समस्याएं ही नहीं सुझाव भी ऑनलाइन बता सकेंगे। इसकी शुरूआत गोरखपुर विश्वविद्यालय के नाथ चंद्रावत (एनसी) हॉस्टल से की गई है। वार्डेन प्रो अजय शुक्ला ने हॉस्टल का एक व्हाट्सएप ग्रुप बनाया है। ग्रुप से 160 विद्यार्थियों को जोड़ा जा चुका है। करीब 32 सुझाव मिले हैं। इन पर अमल भी किया गया है। बिजली व पानी की समस्या के संबंध में वार्डेन ने संबंधित अधिकारी को पत्र लिखा है।
वार्डेन प्रो अजय शुक्ला ने बताया कि हॉस्टल को स्मार्ट बनाने की योजना है। छात्रों का भी सहयोग मिल रहा है। हमारी कोशिश है कि हास्टल में पढ़ाई के लिए अनुकूल माहौल बनें। प्राथमिक सुविधाओं को मुहैया कराने के बाद विद्यार्थियों की क्रियात्मक सोच को एक मंच देने की योजना है। जनवरी से प्रत्येक सप्ताह हॉस्टल में आयोजन कराएंगे। जिसमें कविता, निबंध, भाषण के अलावा विद्यार्थियों के अन्य हुनर को सामने लाया जाएगा।
पहली शिकायत आई खिड़की टूट गई है
व्हाट्सएप ग्रुप पर पहली शिकायत खिड़की टूटने के संबंध में आई। लिखा गया,गुरुजी, हॉस्टल के रूम नंबर 122 की खिड़की टूट गई है। मैं आज हास्टल में नहीं हूं। कृपया इसे ठीक कराने का कष्ट करें। दूसरी शिकायत आई, कमरा नंबर 145 की भी खिड़की और जाली टूटी है। वार्डेन ने जवाब दिया, निश्चिंत रहें, जल्द ठीक करा दिया जाएगा।
मच्छर बहुत हैं, वार्डेन ने कराई फागिंग
छात्रावास में रहने वाले विद्यार्थियों ने पहली मीटिंग में वार्डेन से कहा कि सर, मच्छर बहुत लगते हैं। वार्डेन ने नगर आयुक्त से बात कर छात्रों की समस्या बताई। दूसरे ही दिन हॉस्टल में फागिंग कराई गई।