गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के दो प्रोफेसरों के खिलाफ एससी, एसटी के तहत केस दर्ज किए जाने से नाराज शिक्षकों ने मंगलवार को कुलपति प्रो बीके सिंह का घेराव किया। शिक्षकों ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन और मुख्यमंत्री से इस मामले में सम्यक जांच से पूर्व पुलिस कार्रवाई रोकने मांग की गई थी लेकिन बाहरी तत्वों के दबाव में मुकदमा दर्ज किया गया। वहीं, कुलपति ने मामले में हस्तक्षेप से इनकार कर दिया। शिक्षकों को धैर्य रखने की सलाह दी और कहा कि मामला गंभीर है। जांच समिति गठित है, रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। शिक्षकों ने दो टूक कहा कि अगर दोनों प्रोफेसरों के खिलाफ कार्रवाई आगे बढ़ी तो विश्वविद्यालय के शिक्षक बेमियादी हड़ताल शुरू कर सामूहिक गिरफ्तारी देंगे।
विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षक सुबह 11 बजे कुलपति कार्यालय पर एकत्र हुए। कुलपति से प्रो द्वारिका नाथ श्रीवास्तव तथा प्रो सीपी श्रीवास्तव के खिलाफ एससी, एसटी के तहत मुकदमा दर्ज करने का विरोध जताने लगे। प्रो विनोद सिंह ने कुलपति से कहा कि जिला प्रशासन से तत्काल बात करके विश्वविद्यालय की जांच रिपोर्ट आने तक पुलिस कार्रवाई स्थगित करने को कहें। लेकिन कुलपति ने खुद जांच कराने की बात कहकर मना कर दिया। इसके बाद शिक्षकों चेतावनी दी कि अगर पुलिस ने आगे कार्रवाई की तो न केवल बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे बल्कि प्रशासन के सामने सामूहिक गिरफ्तारी भी देंगे।
इस दौरान प्रो. चितरंजन मिश्र, प्रो. रजनीकांत पांडेय, प्रो. उमा श्रीवास्तव, प्रो. एके तिवारी, प्रो. ओपी पांडेय, डॉ. सुधाकर लाल श्रीवास्तव, प्रो. अजय शुक्ला, प्रो. रविशंकर सिंह, प्रो. संदीप कुमार, प्रो. आलोक गोयल, प्रो. जितेंद्र मिश्र, प्रो. शरद मिश्र, प्रो. एके दीक्षित, प्रो. हर्ष सिन्हा आदि मौजूद रहे।
आज काली पट्टी बांध कर अध्यापन करेंगे
गोरखपुर। कुलपति का घेराव करने के बाद शिक्षकों ने बैठक कर आगे की रणनीति बनाई। इस दौरान आंदोलन की पहली कड़ी के तहत बुधवार को काली पट्टी बांधकर शिक्षण कार्य करने का निर्णय लिया गया।
सीएम से मिलेंगे शिक्षक संघ के अध्यक्ष
गोरखपुर। शिक्षक संघ अध्यक्ष प्रो. विनोद कुमार सिंह बुधवार को गोरखनाथ मंदिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलेंगे। प्रो. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री से शिक्षकों की नाराजगी की वजह बताएंगे। शिक्षक संघ की बैठक में प्रो विनोद सिंह को इसके लिए सर्वसम्मति से अधिकृत किया गया।
कर्मचारी संघ ने गिरफ्तारी पर रोक की मांग की
गोरखपुर। कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक कार्यालय पर हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि शोध छात्र दीपक कुमार के मामले में विश्वविद्यालय में राजनीति की जा रही है। इससे पढ़ाई का माहौल बिगड़ा है। विश्वविद्यालय प्रशासन आंतरिक मामले की जांच करा रही है, जांच रिपोर्ट शीघ्र प्रस्तुत की जाए और रिपोर्ट आने तक दोनों प्रोफेसर की गिरफ्तारी न की जाए। बैठक में डॉ बीएन सिंह, सुरेंद्र कुमार यादव, हरेंद्र सिंह, अरुण श्रीवास्तव, शोभित पांडेय, डॉ चंद्रकांत चौबे, रवि वर्मा, रामकेश यादव, निर्भय नरायन सिंह, मुकेश पांडेय, रामकेश गौतम आदि उपस्थित थे।
दोषियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग
गोरखपुर। डॉ. अंबेडकर लोक कल्याण समिति की बैठक मंगलवार को पादरी बाजार स्थित कार्यालय पर हुई। विश्वविद्यालय के शोध छात्र दीपक कुमार के मामले में दोषियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गई। बैठक में के एस आजाद, जितेंद्र सिंह, रामयश, ज्वाला सिंह, अरुण कुमार, चंद्रशेखर प्रसाद, राजेश कुमार भारती, जितेंद्र सामंत, वाईपी चौधरी, कंचन कुमार, नरेंद्र मोहन सिंह आदि उपस्थित थे।