...चलो-चलो भागो, यहां से बाहर निकलो
पार्क में मार्निंग वाकर की शिकायत से भड़के मेयर सीताराम जायसवाल
मेयर बोले, शिकायत लेकर दफ्तर आइये, हर जगह शिकायत ठीक नहीं
घटना का वीडियो बनाकर वायरल किया गया
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। ... चलो-चलो भागो, यहां से बाहर निकलो। जहां जाओ वहीं कंप्लेन। नगर निगम में लिखकर दो। चलो चलो यहां से बाहर निकलो। जहां बैठे, वहीं कंप्लेन। ये कंप्लेन करने की जगह है। बकवास करते हैं। दरअसल, यह शब्द गोरखपुर के मेयर सीताराम जायसवाल के हैं। वह मार्निंग वाकर की शिकायत पर भड़के थे। किसी ने इस वाकये का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो देखने के बाद मेयर के व्यवहार की आलोचना की जा रही है। यह वीडियो कब बनाकर वायरल किया गया, इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी।
मेयर सीताराम जायसवाल रोजाना लाल डिग्गी पार्क में मार्निंग वाक और योग करते हैं। इस पार्क के अंदर और बाहर बड़ी संख्या में सुअर घूमते हैं, जो पार्क में आने वाले क्षेत्र के लोगों को नागवार गुजरता है। गत दिनों एक मार्निंग वाकर ने पार्क की दुर्दशा का जिक्र किया। साथ ही वीडियो बनाकर पार्क के अंदर और बाहर की दुर्दशा दिखाने की कोशिश की। यह भी बताया कि बड़ी संख्या में सूअर घूम रहे हैं। इससे बीमारी फैलने का खतरा है। पार्क की दुर्दशा का जिक्र करते हुए मार्निंग वाकर मेयर सीताराम जायसवाल के पास जा पहुंचा। मेयर पार्क में ही एक बेंच पर बैठकर योग कर रहे थे। मार्निंग वाकर ने कहा कि मेयर साहब इसी पार्क में आते हैं, फिर भी कुछ नहीं ठीक हो रहा। सुअर घूम रहे हैं। सवाल सुनते ही मेयर भड़क गए। इससे मार्निंग वाकर अवाक रह गया। उसका कहना था कि आप शहर के मेयर हैं। जहां मिलेंगे, वहीं समस्या के समाधान की बात करेंगे। इस पर धमकाना ठीक नहीं है। आपको वोट दिया है। इसके बावजूद मेयर ने एक नहीं सुनीं। मेयर का कहना था कि पार्क शिकायत का उचित स्थान नहीं है। यह बात दफ्तर में होती है। मेयर होने के नाते उनके इस बर्ताव से अन्य मार्निंग वाकर हैरत में थे।
कोट
सिर्फ इतना कहा कि अभी मैं व्यायाम कर रहा हूं। थोड़ी देर रुक जाइए, लेकिन वह व्यक्ति अपनी बात पर अड़ा हुआ था। मैंने उन्हें डांटा नहीं। बस, उन्हें कहा कि नगर निगम या मेरे दफ्तर आकर शिकायत दर्ज कराइए। इस मामले को गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। - सीताराम जायसवाल, मेयर
छह महीने में सबसे सुंदर होगा पार्क
मेयर ने कहा कि अगले छह महीने में लाल डिग्गी पार्क शहर का सबसे सुंदर पार्क बनेगा। करीब 4.50 करोड़ रुपये की लागत से पार्क का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। सरकार शहर के सुंदरीकरण के लिए काफी पैसा दे रही है। मेयर के मुताबिक पार्क के अंदर सामान ले जाने के लिए ठेकेदार ने बाउंड्री तोड़ दी थी, जिसे ठीक करा दिया गया है। अब इस पार्क में सुअर या अन्य जानवर प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
सुअर पालकों को जारी होगी नोटिस
मेयर ने कहा कि अपर नगर आयुक्त को शहर के सभी सूअर पालकों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें सुअर शहर से बाहर ले जाने को कहा जाएगा। ऐसा नहीं करने पर विधिक कार्रवाई होगी।
शहर में 33 स्थानों पर हैं सुअरबाड़े
नौसड़ लखनऊ राजमार्ग पेट्रोल पंप के पास, लालडिग्गी डोमखाना, अंधियारीबाग, सूर्यकुंड धाम अंबेडकर नगर कॉलोनी, जटेपुर उत्तरी डोमखाना रोड, लोहियानगर, मिर्जापुर पचपेड़वा हड़हवा, शाहपुर पानी टंकी के पास, बिछिया, बर्फखाना तुर्कमानपुर, भैरोपुर वार्ड संख्या 1, कूड़ाघाट आरके बीके के सामने, रेल विहार कॉलोनी बुद्धा संग्रहालय के पास, मोहद्दीपुर लेबर कॉलोनी, मानबेला गांव, मोगलहा गांव, मोहरीपुर, पादरी बाजार बाधिक टोला, शिवपुर सहबाजगंज, मोती पोखरा, बशारतपुर, जंगल नकहा, केवटहिया, शास्त्रीनगर, हांसुपुर बर्फखाना डोमखाना, लच्छीपुर, मिर्जापुर पचपेड़वा रेलवे लाइन के पश्चिम हड़हवा फाटक, नेताजी सुभाषचंद्रबोस नगर, बिलंदपुर खत्ता, मैना देवी स्कूल के पीछे।