गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर में शनिवार को छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बज गया। डिपार्टमेंट ऑफ केमिस्ट्री के विभागाध्यक्ष प्रो. ओपी पांडेय को चुनाव अधिकारी नामित किया गया है। चुनाव अधिकारी ही मतदान और मतगणना की तारीख तय करेंगे। हालांकि 15 सितंबर से पहले ही छात्रसंघ चुनाव कराने की तैयारी है। गोरखपुर विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव जल्द कराने की मांग लेकर विद्यार्थियों ने पिछले दिनों जबरदस्त हंगामा किया था। धरना-प्रदर्शन करके अनिश्चितकालीन आंदोलन छेड़ने की चेतावनी दी थी।
छात्रों की मांग को संज्ञान में लेते हुए कुलपति प्रो. वीके सिंह ने चुनाव जल्द कराने का एलान किया था। अब चुनाव अधिकारी के नाम की घोषणा कर दी गई है। कुलपति ने बताया कि स्नातक, परास्नातक की दाखिला प्रक्रिया अगस्त अंत तक पूरी कर ली जाएगी। 15 सितंबर से पहले छात्रसंघ चुनाव कराके नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव और मतगणना की तारीख चुनाव अधिकारी जल्द ही घोषित करेंगे। छात्रसंघ चुनाव प्रक्रिया लिंगदोह समिति की सिफारिशों के मुताबिक ही होगी।
पिछले साल अधिकारी की घोषणा के बाद भी नहीं हुआ चुनाव
शैक्षिक सत्र 2017-18 में भी छात्रसंघ चुनाव कराने की कवायद शुरू की गई थी। प्रो. संजय बैजल को चुनाव अधिकारी नामित किया गया था। चुनाव अधिकारी ने प्रेस कांफ्रेंस करके मतदान की तारीख तय कर दी थी। उसी बीच उपमुख्यमंत्री और शिक्षामंत्री डॉ. दिनेश शर्मा का गोरखपुर विश्वविद्यालय में कार्यक्रम लगा। चुनाव की सूचना मिलते ही उपमुख्यमंत्री ने नाराजगी जताई। उसी का नतीजा रहा कि छात्रसंघ चुनाव स्थगित कर दिया गया था। उसके बाद विद्यार्थियों ने हंगामा किया था। पुलिस ने लाठीचार्ज करके भीड़ को तितर-बितर किया था।