गोरखपुर। बस अड्डा पर निर्माण होने की वजह से पैडलेगंज में खड़ी हो रही बेतरतीब बसें लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं। आए दिन सामने आ रही जाम की समस्या को खत्म कराने के लिए आईजी नीलाब्जा चौधरी ने गंभीरता दिखाई है। उनके बुलावे पर आए रोडवेज के आरएम डीबी सिंह ने भी पहल की है। अब पैडलेगंज में बसें न खड़ी करने का फैसला लिया गया है। विकल्प के तौर पर कमिश्नर ने चार जगहों की तलाश की है, जिसके लिए बैठक के बाद निर्णय हो जाएगा। फिलहाल चौराहा छोड़कर बसें खड़ी करने का फैसला हुआ है। अब चौराहे पर बस की वजह से जाम लगा तो उन चालक-परिचालक पर कार्रवाई होगी।
पिछले कुछ महीनों से पैडलेगंज में बेतरतीब बसें खड़ी होने की वजह से रोजाना ही घंटों जाम लगता है। जाम लगने पर भी चालक बसें नहीं हटाते हैं। उधर, रेलवे बस स्टेशन पर भी ऐसी स्थिति होती है। जनरथ या एसी बस आगे आकर दूसरी लेन पर खड़ी हो जाती हैं। इस वजह से दोनों ही लेन पर जाम लग जाता है। इस समस्या पर आईजी और रोडवेज आरएम के बीच में बृहस्पतिवार को बातचीत हुई। दोनों अफसरों ने जाम से निपटने के एक-दूसरे के सहयोग की बात कही। आईजी नीलाब्जा चौधरी ने बताया कि चौराहे पर ही बस खड़ी होने के वजह से जाम लगता है। बसें चौराहे से दूर खड़ी होंगी। कमिश्नर से भी बात की गई है। विकल्प के तौर पर जल्द ही पार्किंग के लिए जगह तलाश ली जाएगी।