गोरखपुर। जिले में मंगलवार रात 1:30 बजे से सोमवार सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश ने कई रिकार्ड तोड़ दिए। छह-सात घंटे के दौरान शहर में 232.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं जिले में करीब 380 मिलीमीटर बारिश हुई। जो इस समय अंतराल में देश में सबसे ज्यादा रही। 10 साल के दौरान बुधवार को गोरखपुर में दूसरी बार इस कदर पानी बरसा। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पूरे जून में जितनी बारिश होती है, उससे डेढ़ गुनी ज्यादा 24 घंटे में ही हो गई।
पांच साल पहले 29 जून को 2013 में गोरखपुर में 24 घंटे के दरम्यान 342.2 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इस दौरान भी पूरा शहर जलमग्न हो गया था। मौसम विशेषज्ञ कैलाश पांडेय ने बताया कि जून में सामान्य तौर पर 185.5 मिलीमीटर बारिश होती है, लेकिन 26-27 जून को 24 घंटे के दौरान हुई बारिश अतिवृष्टि की श्रेणी में आती है। सन 2000 के बाद अतिवृष्टि की संख्या बढ़ी है। एक जून से 27 जून के बीच गोरखपुर में 285.8 मिलीमीटर बारिश हुई जो सामान्य से 54 प्रतिशत ज्यादा है। पांडेय ने बताया कि पूरब पश्चिम टर्फ लाइन पंजाब से निकलकर पूर्व असम, उत्तरी मध्य प्रदेश, दक्षिण पूर्व उत्तरप्रदेश झारखंड होते हुुए जा रही है। एक चक्रवाती सिस्टम उत्तर पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा सटे उड़ीसा समुद्र तट पर 25 हजार फीट तक बना हुआ है। ऐसे में पूर्वी उत्तरप्रदेश में भी मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
देश में बुधवार को हुई बारिश
गोरखपुर- 232.6 मिमी
मंगलोर - 65 मिमी
रिवा (मप्र) - 64 मिमी
खंडवा (मप्र)- 57 मिमी
शांति निकेतन (पं. बंगाल)- 52 मिमी
जोरहाट (असम)- 51 मिमी
झांसी (उत्तप्रदेश)- 46 मिमी
गोरखपुर जिले के तहसीलों में बारिश का आंकड़ा
गोरखपुर सदर- 232.6 मिमी
बांसगांव- 62 मिमी
गोला- 30 मिमी
सहजनवां- 20 मिमी
चौरीचौरा- 9 मिमी
खजनी- 7 मिमी
कैंपियरगंज- 2 मिमी