गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) गोरखपुर की मालवीय प्रवेश परीक्षा (एमईटी) 2018 का रिजल्ट सोमवार को घोषित कर दिया गया। बीटेक की प्रवेश परीक्षा में शहर के आदर्श पाल ने टॉप किया है। आदर्श ने 97 फीसदी मार्क्स हासिल करके सीबीएसई के 12वीं में जिले की दूसरी रैंक हासिल की थी। जिले के अमन पांडेय ने दूसरी रैंक हासिल की है। अमन ने 97.2 फीसदी मार्क्स हासिल करके सीबीएसई के 12वीं में जिला टॉप किया है। मऊ के आदर्श सिंह को तीसरी रैंक मिली है।
कुलपति प्रो. एसएन सिंह ने सोमवार को शैक्षिक सत्र 2018-19 की प्रवेश परीक्षाओं का परिणाम घोषित किया। कुलपति ने बताया कि एमबीए में गोरखपुर के आदित्य तिवारी अव्वल रहे हैं। यहीं के सागर पांडेय और प्रगति श्रीवास्तव ने क्रमश: दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया है। एमसीए में इलाहाबाद की पूजा पटेल प्रथम, कानपुर की अपूर्वा मिश्रा ने दूसरा और गोरखपुर के सत्यम पांडेय ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इस मौके पर जनसंपर्क अधिकारी प्रो. डीएस सिंह, रजिस्ट्रार यूसी जायसवाल आदि मौजूद रहे।
समय से पहले घोषित किया रिजल्ट
कुलपति के मुताबिक परीक्षा परिणाम घोेषित करने के लिए सात जून की तिथि निर्धारित की गई थी लेकिन समय पर मूल्यांकन खत्म होने के बाद प्रवेश परीक्षा के 14 दिन बाद ही परिणाम घोषित कर दिया गया। मालवीय विश्वविद्यालय के बीटेक, एमटेक, एमसीए, एमबीए, एमएससी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए 12 और 13 मई को प्रदेश के 9 शहरों में 27 केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन किया गया था। मालवीय प्रवेश परीक्षा के लिए 20,940 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।
सात जून से काउंसिलिंग
प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय की सीटें ऑनलाइन काउंसिलिंग से भरी जाएंगी। यह प्रक्रिया दो चरणों में पूरी होगी। पहले चरण में एमसीए, एमबीए और एमएससी फिजिक्स की कांउसिलिंग सात जून से शुरू होगी। दूसरी तरफ बीटेक, एमटेक की काउंसिलिंग 15 जून से शुरू होगी। घर बैठे ही अभ्यर्थी बीटेक, एमटेक के अलग-अलग कोर्स की सीटों की च्वाइस लॉक कर सकेंगे। विस्तृत जानकारी वेबसाइट www.mmmut.ac.in पर उपलब्ध कराई जाएगी। 10 दिन के अंदर ही रजिस्ट्रेशन कराना है। एमसीए, एमबीए और एमएससी फिजिक्स की काउंसिलिंग के रजिस्ट्रेशन 7-16 जून तक किया जा सकता है। वहीं बीटेक- एमटेक के लिए 15 जून- 24 जून रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
अब काउंसिलिंग फीस 2000 रुपये
काउंसिलिंग फीस 10 हजार की जगह 2000 रुपये कर दी गई है। एमएमएमयूटी प्रशासन की मंशा है कि ज्यादा से ज्यादा अभ्यर्थी कांउसिलिंग प्रक्रिया में शामिल हाें। सभी सीटें भरी जा सकें।
बीटेक लेटरल इंट्री के टॉपर (सीधे सेकेंड ईयर में मिलेगा दाखिला)
सोनभद्र के शुभम मिश्रा
महराजगंज के सुधीर मद्धेशिया
सोनभद्र के रितेश गिरी
एमएससी फिजिक्स
उत्कर्ष वर्मा- गोरखपुर
अजय गोस्वामी- देवरिया
नितिन राय- गोरखपुर
एमटेक के अलग-अलग ब्रांच के टॉपर
अमन श्रीवास्तव, शुभम मिश्रा, प्रदीप सिंह, सत्यम कुमार प्रजापति, सत्य प्रकाश यादव