व्यापार मंडल के नए नगर अध्यक्ष का अध्यक्ष का स्वागत किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल जिला इकाई की बैठक मंगलवार को नगर पालिका सभागार में हुई। व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए समाधान की रूपरेखा बनाई गई। एएसपी ने व्यापारियों को सुरक्षा के टिप्स दिए तो सेल टैक्स अधिकारियों ने जीएसटी की बारीकियां समझाईं। इस दौरान राजकुमार सोनी को नगर व्यापार मंडल का अध्यक्ष चुना गया।
बतौर मुख्य अतिथि एएसपी अरविंद कुमार मिश्र ने कहा कि व्यापारी भयमुक्त रहें। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस तत्पर है। व्यापारी भी अपना पूरा सहयोग दें। हर दुकान में सीसी टीवी कैमरे लगवाएं, जिससे किसी भी अनहोनी की स्थिति में बदमाशों को पकड़ा जा सके। नगर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने में भी सहयोग करें। विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि नगर में व्यापार के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने में नगर पालिका तत्पर है।
व्यापारियों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था का वादा किया। व्यापारियों से भी सुझाव लिए। वाणिज्य कर विभाग के असिस्टेंट कमिश्रर प्रदीप कुमार ने जीएसटी के साथ व्यापार के फायदे बताए। कहा कि व्यापारी किसी गफलत में न रहें। उन्हें सिर्फ अपने स्तर पर बिक्री का रिकार्ड ही अपलोड करना है। कार्यक्रम में सीओ सदर दिलीप कुमार सिंह, व्यापार मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह, संतोष वर्मा, रविकांत अग्रहरि, सुनील जायसवाल, राणाप्रताप सिंह, भीमचंद्र, प्रेमचंद्र, विंध्याचल, कृष्णमोहन वर्मा आदि मौजूद रहे।