गोरखपुर।
जिला महिला अस्पताल के लेबर रूम को निजी अस्पताल के तर्ज पर आधुनिक बनाया गया है। वातानुकूलित लेबर रूम में अब नवजात का वजन डिजिटल वेट मशीन से लिया जाएगा। प्रसव के बाद नवजात के जन्म का सही समय देखने के लिए डिजिटल घड़ी लगाई गई है। लेबर रूम में बेबी कार्नर भी लगाया गया है। इसके अलावा लेबर रूम के बाहर 24 घटे गार्ड की तैनाती रहेगी। प्रवेश के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है। जिसके पास टोकन होगा गार्ड उसी को लेबर रूम में प्रवेश करने देगा। महिला अस्पताल के एसआई डीके सोनकर ने बताया कि मंगलवार को जिलाधिकारी राजीव रौतेला आधुनिक सुविधा-संसाधनों से लैस लेबर रूम का उद्घाटन करेंगे।
निजी अस्पताल की तर्ज पर सुविधाएं बढ़ाने के क्रम में शीघ्र ही यहां मिनी एसएनसीयू की सुविधा भी शुरू की जा रही है। मिनी एसएनसीयू में दो रेडियंट वार्मर लगाए गए हैं। दवाएं रखने के लिए सात स्टील ट्रे रखे गए हैं । इसके अलावा यहां एक आक्सी पल्स मीटर लगाया गया है, इससे गंभीर प्रसूता की क्लोज मानीटरिंग हो सकेगी। इसके अलावा सभी बेड पर कैलीज पैड भी लगाए गए हैं।