जाम ही नहीं, सिपाहीजी पर भी हर पल नजर
शहर के आठ चौराहों की सीसीटीवी कैमरे की मदद से हो रही निगरानी
यातायात पुलिस को मिला जनता का साथ, जल्द पूरा शहर होगा जद में
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। यातायात पुलिस को चौराहों की हर पल निगरानी करने वाली आंखें मिल गई हैं। उम्मीद है, शहर को जाम से निजात दिलाने में मदद मिलेगी। एसपी (ट्रैफिक) आदित्य वर्मा की पहल पर जनसहयोग से आठ चौराहों पर लगे थे। अब ये कैमरे एसपी के मोबाइल से जोड़ दिए गए हैं। यानी वह कहीं से, कभी भी इन चौराहों और यहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का हाल देख सकेंगे। इस तरह जाम लगते ही उन मौकों पर अतिरिक्त फोर्स पहुंचेगी। फिलहाल आठ चौराहों पर योजना की सफलता के बाद इसे पूरे शहर में लागू करने की योजना भी तैयार है।
.
ये चौराहे निगरानी में
गणेश चौराहा-गोलघर, हरिओम नगर तिराहा, अंबेडकर चौराहा, दीवानी कचहरी गेट, कचहरी चौराहा, शास्त्री चौराहा, विजय चौक, शाही मार्केट के आसपास, काली मंदिर तिराहा की निगरानी कैमरे की मदद से हो रही है। इसके अलावा पैडलेगंज, मोहद्दीपुर, ट्रांसपोर्ट नगर, असुरन चौक, धर्मशाला बाजार के लिए भी यही व्यवस्था जल्द की जाएगी।
..
यह है फायदा
- ऑनलाइन निगरानी से चौराहों की पल-पल मिल रही जानकारी
- ट्रैफिक जाम होने पर यातायात पुलिस भेजी जा रही है मदद को
- चौराहों पर ड्यूटी दे रहे पुलिसकर्मियों की गतिविधियों पर नजर
- जाम, अतिक्रमण के लिए जिम्मेदार वाहनों पर त्वरित कार्रवाई
वर्जन
जनसहयोग से लगे कैमरों की मदद से चौराहों की ऑनलाइन निगरानी संभव हुई है। जल्द ही पूरे शहर में इसका विस्तार कर लिया जाएगा। इससे जाम की समस्या से निजात मिलेगी।
- आदित्य प्रकाश वर्मा, एसपी ट्रैफिक