अंतरराष्ट्रीय पहलवान वाराणसी की शिल्पी ने बागपत की अंजू चौधरी को टेक्निकल फाल्ट (10-0) में हराकर स्वर्ण पदक जीता।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में शुक्रवार को भारत भीम जनार्दन सिंह की स्मृति में आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर स्टेट कुश्ती प्रतियोगिता में 65 किलोग्राम भारवर्ग की कुश्ती सबके आकर्षण का केंद्र रही।
इस फाइनल मुकाबले में अंतरराष्ट्रीय पहलवान वाराणसी की शिल्पी ने बागपत की अंजू चौधरी को टेक्निकल फाल्ट (10-0) में हराकर स्वर्ण पदक जीता। शिल्पी अंतरराष्ट्रीय पहलवान नरसिंह यादव की पत्नी हैं। इस मुकाबले में अंजू चौधरी ने रजत, इलाहाबाद की अंजलि प्रजापति व नंदिनीनगर की जैसमीन सोम ने कांस्य पदक जीता।
68 किलो में हापुड़ की रजनी ने स्वर्ण पदक, आजमगढ़ की रूबी यादव ने रजत पदक, बलिया की सुरभि सिंह और वाराणसी की उपासना ने कांस्य पदक जीता। 72 किलोग्राम भारवर्ग में उत्तर प्रदेश पुलिस की नीलम तोमर ने स्वर्ण पदक, 76 किलोग्राम में नंदिनीनगर की पहलवान नीतू सिंह ने स्वर्ण पदक जीता।