गोरखपुर। गोरखपुर विश्वविद्यालय के संवाद भवन के बाहर सोमवार को छात्रों ने प्रदर्शन करने के बाद कुलपति प्रो. वीके सिंह की गाड़ी को घेर लिया। वे कुलपति से छात्र शिवशंकर गोंड के परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध को हटाने की मांग कर रहे थे। मुख्य नियंता प्रो. गोपाल प्रसाद ने छात्रों को समझाने की कोशिश की। बात नहीं बनी तो मुख्य नियंता ने पुलिस बुला ली, पुलिस की मौजूदगी में कुलपति को परिसर से बाहर निकाला गया।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रसंघ चुनाव की मांग लेकर आंदोलित छात्रों का नेतृत्व करने वाले शिवशंकर गोंड का परिसर में प्रवेश प्रतिबंधित किया है। सोमवार को बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए। इसके बाद उनसे मिलने संवाद भवन पहुंच गए। छात्रों ने संवाद भवन के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी। मुख्य नियंता ने छात्रों को समझाया कि कुलपति कार्यक्रम में हैं आप लोग कार्यालय में मिले। लेकिन छात्र नहीं माने और संवाद भवन के बाहर बैठ गए। करीब डेढ़ घंटे बाद जब कुलपति कार्यक्रम से बाहर निकले तो छात्रों ने उनके सामने प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुलपति गाड़ी में बैठे तो छात्रों ने उनकी गाड़ी घेरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इसी बीच पहुुंची पुलिस ने कुलपति को सुरक्षा घेरे में लेकर बाहर निकाला। प्रदर्शन करने वालों में राजीव यादव, अनिल दुबे, सचिन शाही, आलोक कुमार सिंह, अमन कुमार, भाष्कर चौधरी, गौरव वर्मा, संजीव त्रिपाठी, अरुण याद, सूरज यादव आदि शामिल थे।