गोरखपुर यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव की मांग लेकर छात्र-छात्राओं ने रैली निकाली।
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। छात्रसंघ चुनाव की मांग कर रहे गोरखपुर यूनिवर्सिटी के आंदोलनरत छात्रों ने शनिवार को मुंह पर काली पट्टी बांधकर परिसर में घूमकर विरोध जताया। विरोध दर्ज कराने में छात्राएं भी पीछे नहीं रहीं। छात्र-छात्राओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कुलपति से जल्द चुनाव कराने की मांग की। सभी विद्यार्थी प्रशासनिक भवन पर पहुुंचे और पहले से धरने पर बैठे छात्रों का समर्थन किया।
प्रशासनिक भवन पर दोपहर में छात्रसंघ के पूर्व पदाधिकारियों ने पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष डॉ. भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में बैठक की और आंदोलन को समर्थन दिया। डॉ. भानु ने कहा कि सरकार ने छात्रसंघ चुनाव जल्द नहीं कराया तो आंदोलन को वृहद रूप दिया जाएगा। पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष दिनेश चंद श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव छात्रों के सम्मान का प्रतीक है। इसे जल्द यूनिवर्सिटी प्रशासन कराए।
पूर्व उपाध्यक्ष डॉ महेंद्र राय ने कहा कि छात्र संघ चुनाव किसी भी कीमत पर करवाकर रहेंगे। सवर्ण एकता परिषद के राष्ट्रीय संयोजक चंद्रशेखर शर्मा, योगेश्वर पांडेय सहित कई पदाधिकारियों ने अपना समर्थन दिया। बैठक की अध्यक्षता आलोक कुमार सिंह तथा संचालन शिवशंकर गोंड ने किया। इस अवसर पर रंजीत सिंह श्रीनेत, राजीव यादव, अनिल दुबे, सचिन शाही, पवन कुमार, भास्कर चौधरी, अनूप, संजीव त्रिपाठी, तन्मय, मनीष ओझा, अंशुमान पाठक आदि मौजूद रहे।