प्रधानमंत्री से बात करते प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थी
- फोटो : amar ujala
गोरखपुर। नंदानगर के गोकुलपुरम की राधिका गुप्ता के लिए शनिवार का दिन खास रहा। प्रधानमंत्री आवास की लाभार्थी राधिका से प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से बात की। इस दौरान राधिका ने बताया कि घर मिलने से उनकी कई मुश्किलें हल हो गईं। पहले झोपड़ी में बारिश के समय काफी परेशानी होती थी। सिर पर पक्की छत, घर में उज्ज्वला गैस और बिजली कनेक्शन से उनकी जिंदगी बदल गई।
वर्तमान केंद्र सरकार की बदौलत उनके जीवन में खुशहाली आई है। राधिका की इस बात पर प्रधानमंत्री ने ताली भी बजाई।
मानबेला में मोगलहा पेट्रोल पंप के पास डूडा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के 25 लाभार्थियों की पीएम से सीधे संवाद की व्यवस्था की थी। इस दौरान प्रधानमंत्री ने लखनऊ, बनारस, आगरा, झांसी, सहारनपुर के भी लाभार्थियों से सीधा संवाद किया। योजना के तहत गोरखपुर में 4,000 लाभार्थियों के खाते में रुपये ट्रांसफर किए गए हैं। इस मौके पर डीएम के.विजयेंद्र पांडियन, नगर विधायक डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल, डूडा परियोजना अधिकारी तेज कुमार आदि मौजूद रहे।