बीसीआई की टीम ने गोरखपुर यूनिवर्सिटी का निरीक्षण किया
गोरखपुर। गोरखपुर यूनिवर्सिटी के विधि संकाय में पांच वर्षीय लॉ कोर्स शुरू करने के लिए मौजूद संसाधनों का निरीक्षण करने भारतीय विधि परिषद, नई दिल्ली की छह सदस्यीय टीम बुधवार को पहुंची। टीम के सदस्यों ने पुस्तकालय को और समृद्धि करने, सफाई को बेहतर बनाने तथा तृतीय व चतुर्थ श्रेणी के रिक्त पदों पर नियुक्ति के निर्देश दिए। न्यायमूर्ति जी. यथिराजुलु की अध्यक्षता में आई टीम ने वाणिज्य संकाय के भवन का निरीक्षण किया। अधिष्ठाता कक्ष, विभागाध्यक्ष कक्ष, कार्यालय विधि संकाय, कार्यालय विधि विभाग, मूट कोर्ट, पुस्तकालय, विधिक सहायता केंद्र, त्रिवर्षीय पाठ्यक्रम की कक्षाओं तथा प्रस्तावित पंचवर्षीय पाठ्यक्रम के लिए कक्षाओं का भी निरीक्षण किया।
कंप्यूटर लैब, सेमिनार हॉल, कॉमन रूम भी देखा। टीम के सदस्य पुस्तकालय में नवीन पुस्तकों की संख्या बढ़ाने को कहा। कहा कि रिक्त पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति जरूरी है क्योंकि पुस्तकालय में किताबों को बेहतर रखरखाव जरूरी है। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष प्रो. जितेंद्र मिश्र, कुलसचिव शत्रोहन वैश्य, प्रो. चंद्रशेखर, प्रो अहमद नसीम भी उपस्थित रहे। वहीं टीम ने हरपुर बुदहट के अनंतपुर स्थित कॉलेज का भी निरीक्षण किया। इस कॉलेज ने भी विधि का पांच वर्षीय कोर्स शुरू करने की अनुमति मांगी है।