गोरखपुर। नेपाल के जनकपुर से चली बस से अयोध्या पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करने के बाद शनिवार की दोपहर अचानक गोरखपुर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कर्नाटक में भाजपा प्रचंड बहुमत से जीत हासिल करेगी।
उन्होंने कहा की कर्नाटक में कांग्रेस ने सत्ता का दुरुपयोग किया। वोटरों को लुभाने के लिए उनके मंत्रियों तक ने रुपये बांटे । मगर जनता उनकी असलियत जान चुकी है । बीजेपी की लोक कल्याणकारी और जन कल्याणकारी नीतियों को जनता ने हाथों-हाथ लिया है। वहां की जनता का भाजपा को अपार समर्थन मिला है ।
उन्होंने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि कर्नाटक में सबसे ज्यादा किसानों ने आत्महत्या की है। प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण शासन की योजनाओं का लाभ जनता को नहीं मिल पाता था। जिस तरह से राजनीतिक विद्वेष की भावना के साथ वहां सरकार काम कर रही थी, उसकी कीमत कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली सरकार को चुकानी पड़ेगी। इसके पहले योगी ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरक्षनाथ और ब्रह्मलीन अवेद्यनाथ का दर्शन-पूजन किया।
रोटी-बेटी के संबंध को और मजबूत करेगी यात्रा
गोरखपुर। नेपाल से गोरखपुर होते हुए शनिवार की सुबह अयोध्या पहुंची बस यात्रा के बारे में योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तीसरी बार नेपाल की यात्रा की है । भारत-नेपाल के संबंध अति प्राचीन और साझी विरासत के प्रतीक हैं। यह यात्रा इस विरासत और रोटी-बेटी के संबंध को और मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री के प्रयास से शुरू हुई यह ऐतिहासिक बस यात्रा इस विरासत को आगे बढ़ाने की ही एक महत्वपूर्ण कड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल सरकार के जनप्रतिनिधि और मंत्रीगण का स्वागत करने में उनको आनंद की अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा नेपाल से सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का जो प्रयास किया जा रहा है, वह दोनों देशों की समृद्धि और हितों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
सपा सरकार ने अयोध्यावासियों को छला, विकास तो भाजपा करा रही
गोरखपुर। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के ट्वीट से जुड़े एक सवाल पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि अयोध्या में विकास के जो भी काम हुए उन्हें भाजपा ने कराया है। पूर्व की सपा सरकार ने तो सिर्फ अयोध्यावासियों को छला है। दीवाली में दीपोत्सव के जरिये अयोध्या को नई पहचान दिलाना, बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराना, 24 घंटे बिजली की सुविधा, ये सभी काम भाजपा ने किए। योगी ने कहा कि अयोध्या में उनकी सरकार ने 133 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्यों की शुरुआत की। यही नहीं सरयू में गंदे नाले के पानी को गिरने से रोकने और राम जी की पैड़ी के सुंदरीकरण को लेकर भी सरकार काम करा रही है। नेपाल से आए यात्रियों द्वारा राम मंदिर बनने की अभिलाषा प्रकट करने के सवाल पर योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि यह जन भावना है और जन भावना का सम्मान होना ही चाहिए।
आज मंदिर में सुनेंगे फरियाद
गोरखपुर। मुख्यमंत्री रविवार की सुबह मंदिर में ही फ रियादियों की समस्याएं सुनेंगे। उनके शाम तक लखनऊ वापस लौटने की संभावना है। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक अपने दो दिन के इस प्रवास के दौरान योगी मंदिर में ही रहेंगे ।