गोरखपुर लोकसभा सीट के लिए 10 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। उपचुनाव के लिए किए गए कुल 17 में से जिला प्रशासन ने सात पर्चे पहले ही खारिज कर दिए थे। शुक्रवार को नाम वापसी का अंतिम दिन रहा। इस दिन किसी के भी नाम वापस नहीं लेने से अंतिम रूप से बचे 10 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा। प्रशासन ने 10 प्रत्याशियों की अंतिम सूची के साथ ही चुनाव चिह्न भी जारी कर दिया। ऐसे में अब मतदान में सिर्फ एक ईवीएम की जरूरत पड़ेगी। लोकसभा क्षेत्र के 2141 बूथों पर 19.49 लाख से ज्यादा मतदाता हैं।
किसी को कप-प्लेट मिला तो किसी को सिलाई मशीन
जिला प्रशासन ने विभिन्न उम्मीदवारों को शुक्रवार देर शाम तक चुनाव चिह्न आवंटित कर दिया। प्रत्याशियों को टार्च, कप प्लेट, एसी, कैमरा, सिलाई मशीन, गुब्बारा और चारपाई चुनाव चिह्न आवंटित किए गए हैं।
मां-बेटा अब भी आमने-सामने
सपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद की मां मालती निषाद भी चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन किया है। शुक्रवार को नाम वापसी की प्रक्रिया खत्म हो गई, लेकिन मालती ने नाम वापस नहीं लिया।
प्रवीण निषाद नाम के दो प्रत्याशी
उपचुनाव में सपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद की मुश्किलें उनका हमनाम प्रतिद्वंद्वी भी बढ़ाएगा। कुल 10 प्रत्याशियों में से प्रवीण निषाद नाम का एक और प्रत्याशी मैदान में है, जिसे गुब्बारा चुनाव चिह्न आवंटित हुआ है।
प्रत्याशी पार्टी चुनाव चिह्न
उपेंद्र दत्त शुक्ला भाजपा कमल
डॉ. सुरहीता करीम कांग्रेस हाथ का पंजा
प्रवीण निषाद सपा साइकिल
अवधेश निषाद बहुजन मुक्ति पार्टी चारपाई
गिरीश नारायण पांडेय सर्वोदय भारतीय पार्टी कैमरा
नरेंद्र कुमार महंथा निर्दल टॉर्च
मालती देवी निर्दल कप-प्लेट
राधेश्याम सेहरा निर्दल सिलाई मशीन
विजय कुमार राय निर्दल एअर कंडीशनर
प्रवीण निषाद निर्दल गुब्बारा
मतदान के लिए 2141 ईवीएम का होगा इस्तेमाल
उपचुनाव में पांच विधानसभा क्षेत्रों की सभी बूथों पर 2,141 ईवीएम का इस्तेमाल होगा। इन सभी के साथ वीवीपैट का भी इस्तेमाल किया जाएगा। 10 फ ीसदी ईवीएम आरक्षित रखी गई हैं। ऐसे में कुल 2,355 ईवीएम लगाई जाएंगी।
12,776 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई
मतदान के लिए 12,776 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक बूथ पर पांच कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इनमें एक कर्मचारी वीवीपैट के लिए लगाया जाएगा। जल्द ही इन कर्मचारियों की ट्रेनिंग शुरू हो जाएगी।
8816 मतदाता पहली बार करेंगे मतदान
इनमें 8816 मतदाता हाल ही में समाप्त हुए पुनरीक्षण अभियान के तहत जुड़े हैं। ये सभी मतदाता पहली बार में मतदान करेंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम प्रशासन प्रभुनाथ ने बताया कि लगातार सभी से अपील की जा रही है कि लोग अधिक से अधिक संख्या में मतदान करें।
महत्वपूर्ण तिथियां
मतदान: 11 मार्च
मतगणना: 14 मार्च