मदन मोहन मालवीय विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) से स्नातक, परास्नातक की पढ़ाई के बाद बिछड़े दोस्त एक बार फिर मिलेंगे। इसके लिए अलग-अलग बैच का पुरातन छात्र सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। वे कॉलेज और हॉस्टल लाइफ से जुड़ी यादों को भी ताजा करेंगे।
मालवीय यूनिवर्सिटी के दो दिवसीय (26- 27 दिसंबर) पुरातन छात्र सम्मेलन का उद्घाटन प्राविधिक शिक्षामंत्री आशुतोष टंडन करेंगे। इसमें अमेरिका, आस्ट्रेलिया, अबुधाबी, मारीशस सहित कई देशों में रह रहे मालवीयंस हिस्सा लेंगे। इसी सिलसिले में शुक्रवार को मालवीय पुरातन छात्र परिषद की बैठक हुई।
अध्यक्ष जवाहर लाल ने बताया कि विश्वविद्यालय परिसर में दो दिवसीय सम्मेलन की अध्यक्षता कुलपति प्रो. एसएन सिंह करेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में रिटायर्ड प्रबंध निदेशक विद्युत विभाग एपी मिश्रा और केएनईटी सुल्तानपुर के चेयरमैन वीके मिश्रा हिस्सा लेंगे। गोल्डन जुबली बैच 1967, सिल्वर जुबली बैच 1992 और डिकेड बैच 2007 के तमाम पुरातन छात्र-छात्रा आएंगे। 1966 से लेकर अभी तक के पुरातन छात्रों भी आने को उत्सुक हैं। बैठक में सचिव गोपाल मिश्रा, आरपी शुक्ल, एपी श्रीवास्तव, एसएल सिंह, व्यास मुनि शुक्ल, एमपी कंडोई, मधुसूदन पांडेय, प्रवीर आर्य मौजूद रहे।
ये होंगे खास
गोरखपुर जोन के पुलिस महानिरीक्षक मोहित अग्रवाल, इंटेल के शिवेश सिन्हा, एचपीसीएल के अविनाश जैन, इंडियन ऑयल के नितेश श्रीवास्तव, दामोदर वैली पॉवर के निदेशक विनोद राय, पर्यावरण विभाग के निदेशक अजय राघव, दूरदर्शन केंद्र दिल्ली के डायरेक्टर राजीव श्रीवास्तव, एयरटेल के रवि प्रकाश, जीएमआर के दिलीप दीक्षित, अबुधाबी से विपुल गुप्ता, बीएसएनएल के राजेश राय, सिंचाई विभाग के उपेंद्र सिंह, बलजीत, मधुसूदन पांडेय, जीएम राम कुमार, बीएसएनएल के जीएम ज्ञान प्रकाश सहित तमाम लोग शमिल होंगे।