महराजगंज। जिले में बकरीद का त्योहार अकीदत के साथ मनाया गया। ईदगाहों में नमाज अदा की गई। अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन, चैन एवं शांति के लिए दुआ की। एक-दूसरे के गले मिले और बकरीद की मुबारकबाद दी। सुरक्षा को ध्यान में रखते मस्जिदों और ईदगाहों के आसपास पुलिस मुस्तैद रही। संवेदनशील स्थानों की गतिविधियों की पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। नगर में बस स्टेशन के पीछे मस्जिद पर नमाज अदा की गई। वहीं गबडुआ, इमिलियां, धनेवा-धनेई, समेत अन्य स्थानों पर मस्जिदों में नमाज अदा की गई। नगर में सीओ सदर एमपी सिंह, कोतवाल रामदवन मौर्य, नगर चौकी इंचार्ज जयशंकर मिश्र सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहे।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार नगर के भुंडी बाईपास, परसोहिया, गौरिया टोला एवं मधुबनवा मुहल्ले के ईदगाहों में बड़ी तादाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की और सभी की सलामती के लिए दुआ की। नगर की प्रमुख ईदगाह परसोहिया उस्मान नगर में नमाजियों की तादाद ज्यादा रही। वहां तबारक हुसैन ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद लोगों ने खुशी का इजहार किया और एक-दूसरे को बधाई दी। अधिकतर लोगों ने अल्लाह की रजा में बकरे की कुर्बानी दी। इस दौरान घरों में बने तरह तरह के पकवानों का लुत्फ उठाया। एसडीएम प्रेम प्रकाश अंजोर, सीओ सुरेश कुमार रवि, इंस्पेक्टर श्रीधर पाठक व चौकी प्रभारी धर्मेंद्र गौतम एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरे क्षेत्र में दौरा करते रहे। मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार, सिंदुरिया, मिठौरा, भागाटार, पतरेंगवा, जगदौर, मधुबनी, हड़खोड़ा, परसा चक गोबरही, आमतहा, लेदवा, पिपरा-कल्याण आदि स्थानों पर बखरीद की नमाज अदा की गई। सिंदुरिया में पेश इमाम मौलाना जमालुद्दीन ने, मिठौरा में मौलाना जियाउद्दीन ने, मधुबनी में मौलाना रहमतुल्लाह ने, हड़खोड़ा में मौलाना शमीम ने, आमतहा में मौलाना कलीमुल्लाह ने और जगदौर में मौलाना यूसुफ ने बकरीद की नमाज अदा कराई।
बृजमनगंज प्रतिनिधि के अनुसार, उपनगर बृजमनगंज में छोटी ईदगाह में 7:30 बजे और बड़ी ईदगाह में 8 बजे लोगों ने नमाज अदा की। एडीएम आरपी कश्यप, एसडीएम फरेंदा, एएसपी आशुतोष शुक्ल, सीओ फरेंदा व थानाध्यक्ष बृजमनगंज ज्ञानेंद्र कुमार राय ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इसी तरह मटीहनवा, हरपुर दर्जी टोला, लेहरा बाजार, नयनसर आदि जगहों पर शांतिपूर्वक नमाज अदा की गई। डॉ. आजमी, हाजी सादिक अली, तुफ़ैल अहमद, रिजवान अहमद, डा. बशीर, अशफाक अहमद आदि मौजूद रहे।
ठूठीबारी प्रतिनिधि के अनुसार, बकरीद पर्व को लेकर शनिवार की सुबह ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के मस्जिदों में मुस्लिम संप्रदाय के लोगों ने नमाज अदा की। ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ठूठीबारी, अराजी बैरियां, रामनगर देवान टोला, बोदना, कटखोर, लोहरौली, जमुईकला, बेलवां, डिगही, भगवानपुर, लक्ष्मीपुर खुर्द आदि मस्जिदों में शांति पूर्वक नमाज अदा की गई।
पनियरा प्रतिनिधि के अनुसार, इस्माइलिया जामा मस्जिद पनियरा नहर चौराहा (पुरानी ईदगाह) में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। मौलाना अशरफ अली नूरानी ने नमाज अदा कराई। पनियरा के अलावा बभनौली, गिरगिटियां, मौलागंज, कौवाढोंढ़, डिंगुरी व नरकटहां आदि जगहाें पर नमाज अदा हुई।
अड्डा बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, क्षेत्र में ईदगाह पर नमाज अदा की गई । उसके बाद लोगों ने कुर्बानी की। मक्की ईदगाह अड्डा बाजार में मरकजी जमीयत उलेमा हिंद के राष्ट्रीय महासचिव डा.मौलाना उजैर अहमद कासमी ने नमाज अदा कराई। संपतिहा चौकी इंचार्ज मोहम्मद एखलाक ने बताया कि बैरिया बाजार मे 7:30 बजे, बनवाटारी और पड़रहवा मे 8:30 बजे, कौलही में 9:00 बजे तक नमाज अदा की गई। सभी ईदगाहों पर पुलिस मौजूद रही। इसके अलावा अड्डा क्षेत्र के बैरवा बनकटवां के गौसिया ईदगाह मे मौलाना सलीम नूरी, सुन्नती ईदगाह बेलभार में मौलाना शाहिद रजा ने नमाज अदा कराई।
धानी प्रतिनिधि के अनुसार, धानी बाजार के ब्लाक रोड स्थित ईदगाह में नमाज अदा की गई। ब्लाक प्रमुख धानी महबूब आलम राईनी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कानापार गोपाल सिंह ईदगह पहुंचे और बकरीद की बधाई दी। चौकी इंचार्ज धानी एस. के. सिंह मयफ़ोर्स सुरक्षा व्यवस्था में लगे रहे।
फरेंदा प्रतिनिधि के अनुसार कस्बे के जामा मस्जिद में इमाम हयातुल्लाह और ईदगाह पर इमाम लइक अहमद ने नमाज अदा कराई। भैया फरेंदा, परसाबेनी, लेजार महदेवा, गोविंदपुर में भी नमाज अदा की गई।