गोरखपुर।
बाबा राघव दास मेडिकल कॉलेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड में बीते 24 घंटे के दौरान एक और मरीज की मौत हो गई। वहीं बीमारी से पीड़ित 27 मरीज भर्ती हुए। इसके साथ इस साल बीमारी से अब तक हुई मौतों की संख्या बढ़कर 158 हो गई है।
पूर्वांचल में इंसेफेलाइटिस का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार और रविवार को जहां 22 मरीज मेडिकल कॉलेज के इंसेफेलाइटिस वार्ड में भर्ती किए गए थे, वहीं बीते 24 घंटे में ही गोरखपुर के नौ मरीजों समेत 27 लोग इंसेफेलाइटिस वार्ड में भर्ती किए गए। नए मरीजों के आने का क्रम अगर दो दिन ऐसा ही बना रहा तो 100 बेड इंसेफेलाइटिस वार्ड फुल हो जाएगा। इस बीच जैतपुर, गुलरिहा के दीपक (13) पुत्र गुलाब ने वार्ड में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गोरखपुर के नौ मरीजों के अलावा संतकबीरनगर के दो, देवरिया व बिहार के पांच-पांच, गोंडा व सिद्धार्थनगर के एक-एक, महराजगंज व कुशीनगर के दो-दो और नेपाल के एक नए मरीज को इंसेफेलाइटिस वार्ड में भर्ती किया गया। इस वर्ष अब तक 625 मरीज मेडिकल कॉलेज में भर्ती हो चुके हैं।