महराजगंज। दिल्ली सहित लखनऊ में आतंकी हमले की आशंका को ध्यान में में रखते हुए इंडो-नेपाल बॉर्डर पर भी चौकसी बढ़ा दी गई है। बीती रात से ही एसएसबी सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने बार्डर पर निगरानी तेज कर दी है। शुक्रवार को दिनभर समय नेपाल से हर आने-जाने वालों की कड़ी निगरानी की गई। एसएसबी जवानों ने गहन चेकिंग के बाद प्रवेश दिया। यही नहीं तमाम पगडंडियों पर भी एसएसबी जवान निगरानी में लगे हैं।
सुरक्षा एजेंसियों ने विश्व योग दिवस पर भी अलर्ट जारी किया था। ऐसे में प्रधानमंत्री के लखनऊ दौरे को देखते हुए चौकसी बढ़ाते हुए नेपाल सीमा पर 17 जून से ही अलर्ट जारी कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार गृह मंत्रालय ने दिल्ली सहित लखनऊ में भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में आतंकी हमले की एडवाइजरी जारी की है। आशंका है कि पाकिस्तान और कश्मीर के छह पुरुष और करीब तीन महिलाएं भीड़भाड़ वाले इलाके में फिदायनी हमला कर सकते हैं। ऐसे में दिल्ली-लखनऊ के साथ ही विशेष तौर पर इंडो-नेपाल सीमा पर भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। भारत-नेपाल की 1751 किमी खुली सीमा लंबे समय से आतंकियों के लिए बेहतर साबित हो रही है। पगडंडी और सीमा पर बसे ग्रामीण क्षेत्रों में पैठ बनाकर आतंकी आसानी से भारत में दाखिल होते रहे हैं। ऐसे में खुली तो अब संवेदनशील नजर आ रही है।
बार्डर पर एसएसबी की पैनी नजर
महराजगंज। जनपद से जुड़ी इंडो-नेपाल सीमा की करीब 86 की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसएसबी पर है। एसएसबी के 18 बीओपी बनाए गए हैं। इंडो-नेपाल खुली सीमा की निगहबानी एसएसबी जवान इन दिनो विशेष रूप से कर रहे हैं। बार्डर की प्रत्येक हलचल पर उनकी नजर है।
सीमावर्ती थानों को सतर्क किया गया
महराजगंज। बार्डर से घुसपैठ की आशंका को देखते हुए सीमावर्ती थानो को अर्लट कर दिया गया है। पुलिस की रात्रि गश्त बढा दी गई है। बार्डर क्षेत्र के ठूठीबारी, निचलौल, बरगदवा, परसामलिक, नौतनवा, सोनौली कोतवाली को हर क्षण चौकस रहने का निर्देश दिया गया है।
इंडो-नेपाल बार्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है। एसएसबी जवान गश्त कर रहे हैं। हर आने जाने वालों पर पैनी नजर है। हर सूचना को गंभीरता से लेकर बार्डर पर सतर्कता बरती जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से सभी जवान सतर्क हैं।
दिलीप झां, डिप्टी कमांडेंट-एसएसबी
बार्डर एरिया के सभी थाना क्षेत्रों में भी अलर्ट किया गया है। रात में गश्त बढ़ाई दी गई है। पुलिस बार्डर क्षेत्र में चौकसी बरत रही है। पुलिस कर्मी अपने अपने थाना क्षेत्र में कडी निगरानी मे लगे हैं। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कडी चौकसी बरती जा रही है।
आरपी सिंह, एसपी
नेपाल की खुली सीमा से देश में आतंकियों के दाखिल होने की आशंका
बीती रात से ही सोनौली से लेकर ठूठीबारी तक बढ़ी सुरक्षा