गोरखपुर यूनिवर्सिटी में बीकॉम में प्रवेश के लिए कांउसिलिंग प्रक्रिया से गुजरते विद्यार्थी
- फोटो : mahesh kumar
गोरखपुर यूनिवर्सिटी प्रवेश की काउंसिलिंग प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। काउंसिलिंग के तीसरे दिन बीए में जनरल वर्ग की 60 फीसदी सीटों पर प्रवेश कार्य पूरा हो गया। बीए की जनरल सीटों के लिए प्रवेश प्रक्रिया रविवार को भी चलेगी। सीटें बचीं रहीं तो 20 जून को प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी।
बीए प्रवेश के संयोजक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को प्रवेश परीक्षा में 199 या उससे अधिक अंक वाले अभ्यर्थियों को बुलाया गया था। अंक के इस दायरे में आने वाले 282 अभ्यर्थियों ने काउंसिलिंग प्रक्रिया में हिस्सा लिया और प्रवेश कार्य पूरा किया। इसे लेकर 975 जनरल सीटों के मुकाबले 600 सीटों पर प्रवेश लिया जा चुका है। उन्होंने बताया कि सामान्य वर्ग में भूगोल और गृह विज्ञान विषय की सभी सीटें भर गईं हैं, इसलिए रविवार को होने वाली प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को ये विषय नहीं दिए जा सकेंगे।
बीकॉम प्रवेश संयोजक प्रो. आरपी सिंह के मुताबिक काउंसिलिंग के तीसरे दिन ओबीसी वर्ग में 71, एससी में 55 और एसटी वर्ग में दो प्रवेश हुए। प्रो. सिंह के मुताबिक ओबीसी में 100, एससी में 80 और एसटी में छह सीटों पर प्रवेश लिया जाना है। उधर, बीएससी में भी आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन बीएससी बायो में ओबीसी वर्ग के 24, एससी के 21 और एसटी के एक अभ्यर्थियों समेत 46 प्रवेश लिए गए जबकि बीएससी मैथ में ओबीसी के 35, एससी के 28 और एसटी के एक अभ्यर्थी को लेकर कुल 64 प्रवेश हुए।
आज होने वाले प्रवेश
बीए : 199 या उससे अधिक अंक पाने वाले सभी अभ्यर्थी
बीकॉम : 247.5 या उससे अधिक अंक पाने वाले ओबीसी अभ्यर्थी, 187.5 या उससे अधिक अंक पाने वाले एससी अभ्यर्थी, 189 या उससे अधिक अंक पाने वाले एसटी अभ्यर्थी