ऑपरेशन हाल के अंदर धनउगाही, वीडियो वायरल
जिला महिला अस्पताल में आपरेशन के बाद तीमारदार से मांगी रकम
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। महिला अस्पताल में आपरेशन हाल के अंदर भी मरीज के तीमारदार से वसूली का जा रही है। आरोप है कि नर्स व दाई तीमारदार से एक-एक हजार रुपये वसूल रही हैं। रविवार को एक वीडियो वायरल हुआ। इसमें तीमारदार से दाई और नर्स रकम वसूलते हुए दिख रही हैं।
कोतवाली क्षेत्र में रहने वाली एक गर्भवती महिला का इलाज महिला अस्पताल में हो रहा था। परिवार के लोगों का आरोप है कि उनसे डॉक्टर, कर्मचारी, नर्स व दाई ने हर काम के लिए रकम वसूल की। आपरेशन से पुत्र होने के बाद अस्पताल कर्मियों ने ओटी में ही जबरन एक एक हजार रुपये मांगे। तीमारदार ने अस्पताल में चल रहे गोरखधंधे का वीडियो बना लिया। वीडियो में नर्स खुशी का हवाला देते हुए एक हजार रुपये मांग रही है। मजबूरन तीमारदार को रकम देनी पड़ती है। दाई भी मरीज से रकम की मांग कर रही है।
रुपये लेने के आरोप में फंस चुकें हैं कर्मचारी
जिस मरीज के तीमारदार ने वीडियो बनाया है, पहले उसी के एक परिचित के भर्ती होने पर भी कर्मचारियों ने रकम वसूला था। इस मामले में वार्ड ब्वाय के अलावा दो संविदाकर्मियों को अस्पताल प्रशासन ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
वर्जन
वीडियो ऑपरेशन हाल के अंदर का है। वहां पर नर्स और दाई दोनो तीमारदार से रुपये मांग रहीं थीं। शिकायत पर दोनों को ओटी से हटा दिया है और कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
डॉ. आनंद श्रीवास्तव, एसआईसी, महिला अस्पताल