रेलवे में नौकरी दिलाने के नाम पर साढ़े 17 लाख रुपये की ठगी करने वाले दो लोगों पर सदर कोतवाली पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
सीसी रोड के रहने वाले वीरेंद्र जायसवाल की पश्चिम बंगाल प्रांत के रहने वाले एक शख्स से पिछले साल मुलाकात हुई। उसने रेलवे में नौकरी दिलाने की बात कहकर झांसे में ले लिया। बेटे और भतीजे की नौकरी के लिए उन्होंने 17.50 लाख रुपये दे दिया। जालसाज ने दोनों को फर्जी ज्वाइनिंग लेटर भी दिया। दोनों ने दो माह नौकरी भी की।
सेलरी उसने खुद दोनों के खाते में डाल दी। रेलवे की ओर से की गई जांच में दोनों को जालसाजी का शिकार होने की जानकारी हुई। रुपये मांगने पर वे धमकी देने लगे। वीरेंद्र जायसवाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इसके बाद उसने न्यायालय में गुहार लगाई।
कोर्ट ने केस दर्ज करने का आदेश दिया। कोर्ट के आदेश पर सदर कोतवाली पुलिस ने गुरुदत्त कांदू निवासी नैहट्टी, जिला उत्तरी 24 परगना और मादवेंद्र सिन्हा निवासी 92 काटा डंगा रोड, भाटपार कांकीनाड़ा जिला उत्तरी 24 परगना, पश्चिम बंगाल के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और धमकी देने का केस दर्ज किया है। सदर कोतवाल यादवेंद्र बहादुर पाल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को जल्द पकड़ा जाएगा।