निर्वाचक नामावली में देखें अपना नाम
गोरखपुर। किन्हीं वजहों से अभी भी मतदाता नहीं बन पाए हैं तो 28 अक्तूबर को आसानी से वोटर बनने का आखिरी मौका है। निर्वाचन आयोग के निर्देश पर एक सितंबर से चल रहा मतदाता पुनरीक्षण अभियान 31 अक्तूबर को समाप्त हो जाएगा। रविवार को आखिरी विशेष अभियान आयोजित होगा, जिस दिन सभी बूथों पर संबंधित फार्म के साथ बीएलओ मौजूद रहेंगे।
सोमवार को कमिश्नर अमित गुप्ता ने तैयारियां जांची साथ ही राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर इस अभियान में सहयोग करने की अपील की। सभी सहायक निर्वाचन अधिकारियों से कहा कि वे सुनिश्चित करें कि बीएलओ बूथों पर पहुंचे। सभी एसडीएम को इस दिन निरंतर भ्रमण कर व्यवस्था जांचने का निर्देश दिया। चेतावनी भी दी कि अगर कहीं भी बीएलओ अनुपस्थित मिले तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।