गोरखपुर। रामगढ़ताल जेट्टी पर लंबे समय से प्रस्तावित योग और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को लेकर अब इंतजार खत्म हो गया है। इन कार्यक्रमों को लेकर तैयारियां तकरीबन पूरी हो चुकी हैं। गुरु पूर्णिमा के मौके पर गोरखपुर आ रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 जुलाई को जेट्टी पर इन दोनों तरह के कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। सोमवार को कमिश्नर अनिल कुमार, डीएम के. विजयेंद्र पांडियन, जीडीए उपाध्यक्ष अमित सिंह बंसल और नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश सिंह ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियां जांची। योजना के तहत रामगढ़ताल जेट्टी पर रोजाना सुबह योग और शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के मद्देनजर बन रहे मंच व अन्य तैयारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने जलनिगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि मजदूरों की संख्या बढ़ाकर जल्द रामगढ़ताल की जलकुंभियों की सफाई सुनिश्चित कराएं। उन्होंने मंच को और बड़ा करने तथा स्पीकर आदि की संख्या को भी बढ़ाने के लिए कहा। नगर निगम के अधिकारियों से शौचालय निर्माण की जानकारी ली तो बताया गया, पंप हाउस के पास शौचालय निर्माण कराया जाएगा।