आरएसएस की ओर से रविवार को पथ संचलन किया गया।
गोरखपुर। बिलंदपुर खत्ता स्थित सरस्वती विद्यामंदिर परिसर में चल रहे आरएसएस के प्रशिक्षण वर्ग में रविवार को स्वयंसेवकों ने पथ संचलन किया। घोष की धुन पर स्वयंसेवक कदम से कदम मिलाकर चलते गए और अनुशासन की मिसाल पेश की। जगह-जगह उनका स्वागत हुआ। फूल भी बरसाए गए।
रविवार की शाम सरस्वती विद्यामंदिर परिसर में स्वयंसेवक एकत्र हुए। आरएसएस का ध्वज लगाया गया। इसके बाद शाखा हुई। ध्वज प्रणाम और प्रार्थना के बाद घोष नाद हुआ। 49 जिले से आए करीब 700 स्वयंसेवक गणवेश में हाथ में दंड लेकर निकले। नेतृत्व मुख्य शिक्षक विपुल एवं सह शिक्षक महेंद्र ने किया। स्वयंसेवक सूरजकुंड, ग्रीन सिटी होते एमपी पॉलिटेक्नीक पहुंचे। फिर वापस सरस्वती विद्यामंदिर आए।
सह सर कार्यवाह ने किया निरीक्षण
आरएसएस के सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने गोरखनाथ मंदिर के पास पथ संचलन का निरीक्षण किया। स्वयंसेवकों को कदमताल मिलाकर चलने का निर्देश दिया। कहा कि स्वयंसेवक अनुशासित होते हैं। वह व्यक्तित्व के साथ देश और समाज निर्माण का कार्य करते हैं।
नौ जून तक चलेगा चार प्रांतों का प्रशिक्षण शिविर
कानपुर, गोरक्ष प्रांत, काशी और अवध प्रांत का प्रशिक्षण वर्ग 19 मई से चल रहा है। इसका समापन नौ जून को होगा। इसी सिलसिले में सह सर कार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले गोरखपुर आए हुए हैं। वह सोमवार तक शहर में रहेंगे।