गोरखपुर। गोरखनाथ मंदिर में सीएम के जनता दरबार में की गई फरियाद में ज्यादातर मामले विवाद के जमीन से संबंधित थे। वहीं कुछ लोगों ने आपराधिक मामलों में पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाकर इंसाफ की मांग की।
विज्ञापन
चाचा पर कपड़े फाड़कर वीडियो बनाने का आरोप
सिकरीगंज थानाक्षेत्र के एक गांव की युवती ने अपने चाचा पर गंभीर आरोप लगाया। उसका आरोप था कि चाचा ने पहले उसे पीटा, फिर कपड़ा फाड़कर वीडियो बना लिया। युवती ने कार्रवाई की मांग की। युवती और चाचा के बीच जमीन को लेकर विवाद है।
हत्या का केस दर्ज कराने थाने गई तो भगा दिया गया
पादरी बाजार की कुसुम श्रीवास्तव का कहना था दो युवकों ने पांच मई को उनके बेटे की हत्या कर दी थी। उनके बेटे का शव झंगहा थानाक्षेत्र से बरामद हुआ था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कराने शाहपुर थाने पहुंचीं तो उन्हें भगा दिया गया।
नजदीक के स्कूल में तैनाती की गुजारिश की
जनता दरबार में एक शिक्षक अपने तबादले की मांग करने आई थी। शिक्षक रीना सिंह अपने बच्चे के साथ जनता दरबार में पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वह ब्रह्मपुर ब्लॉक में तैनात हैं। नजदीक तैनाती मिल जाए तो बेहतरीन ढंग से काम कर सकेंगी।