आम्रपाली के सैलून में रेलवे कर्मचारी की मौत
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी के साथ गोरखपुर आ रहे थे चुन्नी लाल
स्टेशन पर पहुंचे घरवालों ने किया हंगामा, जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर।
आम्रपाली एक्सप्रेस में लगे सैलून से पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य प्रशासनिक अधिकारी निर्माण के साथ गोरखपुर आ रहे चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की रास्ते में मौत हो गई। गोरखपुर जंक्शन पर कर्मचारियों ने चुन्नीलाल के शव को नीचे उतारा। मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। उधर, कर्मचारी की मौत की सूचना पाकर स्टेशन पर पहुंचे घरवालों ने हंगामा किया। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सोमवार को दिल्ली से गोरखपुर के लिए सीईओ निर्माण एलएम झा आम्रपाली एक्सप्रेस 15708 में लगे सैलून से गोरखपुर आ रहे थे। रात में करीब नौ बजे के आसपास चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी चुन्नी लाल ने बताया कि उसकी तबीयत खराब लग रही है। इस पर सीईओ ने उन्हें दवा खाकर सो जाने की सलाह दी। सुबह जब चुन्नी लाल को उठाया गया तो वह उठा ही नहीं। यह देख गोरखपुर जंक्शन को चिकित्सक की व्यवस्था करने के लिए कहा गया। मंगलवार दोपहर 2:40 बजे जब ट्रेन गोरखपुर पहुंची तो चिकित्सक ने कर्मचारी की जांच की। जांच में चिकित्सक ने मौत की पुष्टि कर दी। इसी बीच घरवालों को जानकारी मिली तो वह जंक्शन पहुंच गए और वहां से अधिकारियों के चले जाने के कारण हंगामा किया। इस बीच जीआरपी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।