खोराबार के पार कनजही गांव के पास चलती कार में आग लगने से ट्रेवेल्स के कारोबारी अशोक चौधरी (35) की जिंदा जलकर मौत हो गई। आग की लपटें देखकर ग्रामीणों उस ओर दौड़े और आग बुझाने की कोशिश करने लगे। तभी उनकी नजर अंदर ड्राइविंग सीट पर बैठे शख्स पर पड़ी तो उनके होश उड़ गए। सूचना पाते ही एसपी सिटी विनय सिंह पुलिस फोर्स और दमकल गाड़ियों के साथ पहुंच गए। आग बुझाने की कोशिश करने लगे, मगर जब तक आग को बुझाया जा सके, अंदर अशोक चौधरी जिंदा जल चुके थे।
घटना बुधवार की देर शाम साढ़े सात बजे के करीब हुई। पार कनजही गांव निवासी रामचंदर चौधरी के बेटे अशोक चौधरी गोलघर स्थित अपने आफिस का काम खत्म कर कार से घर लौट रहे थे। घर से करीब 500 मीटर पहले उनके कार से धुआं निकलने लगा। कार किनारे रोककर उन्होंने अपने घर फोन कर गाड़ी खराब होने की बात बताई और देर से आने को कहा। अभी फोन कटा ही था कि कार में अचानक आग लग गई। सीट ब्लेट लगाए थे और डोर लॉक हो जाने की वजह से अशोक चौधरी बाहर नहीं निकल पाए। कार में गैस किट होने से पलक झपकते ही कार जलने लगी। आग की लपटें देखकर ग्रामीण उस ओर दौड़े और आग बुझाने की कोशिश करने लगे।
सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने लगी, मगर अंदर ही अशोक चौधरी की जिंदा जलकर मौत हो गई। उधर, गांव में आग लगने की सूचना पहुंचते ही घरवाले भी पहुंच गए और चीख पुकार मच गई। काफी मशक्कत के बाद आग को तो बुझा लिया गया लेकिन अशोक की दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव के अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
तड़प रहे घर वाले और अशोक के दोस्त
कार में जिंदा जलने वाले अशोक चौधरी की फेसबुक वॉल उनकी जिंदादिली की तस्वीरों से अटी पड़ी है। स्टाइलिस प्रोफाइल पिक्चर को दोस्तों ने खूब लाइक किया था। अंतिम बार 25 जुलाई को प्रोफाइल पिक अपलोड करने वाले अशोक वर्चुअल दुनिया के बाद अब असली दुनिया भी छोड़ गए। बुधवार की शाम हादसे में अशोक के दम तोड़ने की खबर जब उनके दोस्तों तक पहुंची तो वो शोक में डूब गए।
अशोक चौधरी की फेसबुक वॉल पर उनकी प्रोफाइल पिक्चर भारतीय सेना के प्रति सम्मान और उनके प्यार का एहसास कराती हैं तो सैरसपाटे का लाइव वीडियो घूमने-फिरने के शौक का। फादर्स डे पर पिता के सम्मान में लिखी गई उनकी पोस्ट रिश्तों के प्रति जेहन में बसे सम्मान को भी बयां करती हैं। वहीं, फेसबुक पर 27 मार्च को अपलोड एक फोटो में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों मिले सम्मान की फोटो उनके ऊर्जावान व्यक्तित्व की कहानी सुनाती है। 23 मार्च को उन्होंने सैरसपाटे की तस्वीरें साझा कीं। वह ऐसे हर मौके को अपने एफबी अकाउंट पर साझा करते थे। प्रोफाइल में अपने बारे में जिक्र करते हुए अशोक चौधरी ने खुद को मेहनती, ईमानदार और कूल बताया था। हिंदी, अमेरिकन इंग्लिश की उन्हें अच्छी जानकारी थी। अब अशोक के शोक में उनके दोस्त तड़प रहे हैं।
दोस्तों के साथ अपनी खुशियां साझा करने वाले अशोक न चाहते हुए भी दोस्तों के बीच शोक साझा कर गए। उनकी मौत की सूचना पाकर साथ में काम कर चुके एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के डिविजनल मैनेजर रवि श्रीवास्तव देररात भागकर ‘अमर उजाला’ पहुंचे और अशोक के जिंदादिल होने की जानकारी दी। एसबीआई के अधिकारी ने कहा कि वर्चुअल मीडिया पर दिवाली की बधाई देने वाले अशोक यूं छोड़कर चले जाएंगे, यह कभी सोचा भी नहीं था। चार महीने पहले अशोक ने एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की जॉब छोड़ी थी। अब बिजनेस कर रहे थे। अशोक ने दो साल से ज्यादा समय तक आईसीआईसीआई में जॉब किया था।
इंटरव्यू देने गए थे अशोक
आईसीआईसीआई में ब्रांच मैनेजर सुधीर भी अशोक की मौत से आहत हैं। वह कहते हैं कि बुधवार को अशोक किसी कंपनी में इंटरव्यू देने गए थे। देरशाम उसके कार में जलकर मरने की खबर आ गई। उनके एक दोस्त ने भी इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि चार महीने पहले एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस की नौकरी छोड़ने के बाद अशोक ने ट्रेवेल्स एजेंसी का काम शुरू किया था।
चंद मिनट पहले ही घर में हुई थी बात
घर से 500 मीटर की दूरी पर ही कार में आग लगने की खबर आई। घरवालों के सामने ही अशोक चौधरी जिंदा जल गए। मौत से चंद मिनट पहले ही उनकी घर में फोन पर बात हुई थी। कार से धुआं निकलने पर उन्होंने गाड़ी में खराबी होने की बात कही थी। इसके बाद ही फोन कटा था और फिर पलक झपकते ही कार में आग लग गई। उधर, घरवालों को इस बात का मलाल ज्यादा है कि उनकी ही आंखों के सामने पूरा हादसा हो गया और वह इतने बेबस थे कि कुछ कर नहीं पाए। हादसे से गांव में मातम छा गया। सभी गाड़ी की सुरक्षा और हादसे को लेकर सहमे हुए हैं। ग्रामीणों ने बताया कि अशोक बहुत ही सुलझे हुए थे और सभी से उनके अच्छे संबंध थे।
तीन साल पहले ही हुई थी शादी
अशोक चौधरी की शादी तीन साल पहले हुई थी। उन्हें कोई संतान नहीं है। घर में बड़े भाई के अलावा माता-पिता हैं। घटना के बाद से ही पत्नी सदमे में हैं। वह बार-बार बेसुध हो जा रही हैं।