तालाब में डूबने से छात्र की मौत
निचलौल। स्थानीय थाना क्षेत्र के गांव कनमिसवां में मंगलवार को दोपहर में गांव से पश्चिम स्थित तालाब में नहाने गए एक बालक की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों के सहयोग से तालाब में डूब रहे बच्चे को बाहर निकाल कर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन व शुभचिंतकों का रो - रो कर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बताया कि कनमिसवा निवासी जितेन्द्र का पुत्र भोलू कुमार (8) गांव के तीन चार लड़कों के साथ तालाब में स्नान करने गया था। स्नान करते समय भोलू गहरे पानी मे चला गया और डूब गया। साथ में स्नान करने वाले बच्चों ने शोर मचाते हुए गांव पहुंच कर घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तालाब से बालक को बाहर निकाला और उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। बालक पास के एक स्कूल में कक्षा एक में पढ़ता था।