13 मानसिक रोगियों को बरेली भेजने की तैयारी
कसया वृद्धाश्रम में देवरिया से लाए गए थे 24 लोग
अमर उजाला ब्यूरो
कसया। देवरिया के मां विंध्यवासिनी महिला एवं बालिका संरक्षण गृह से कसया के वृद्धाश्रम में शिफ्ट कराए गए 24 में से 13 लोगों को बरेली के किसी शेल्टर होम में भेजा जाएगा। इसके लिए वृद्धाश्रम के जिम्मेदार लोग जुटे हुए हैं। मंगलवार की देर शाम तक जिला अस्पताल में पांच लोगों का चिकित्सकीय परीक्षण भी किया गया।
आश्रम कर्मी ने बताया कि वृद्धाश्रम में शिफ्ट कराए गए 24 लोगों में से दो स्वस्थ हैं, जिन्हें आश्रम के ऊपरी तल पर रखा गया है। एक महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर किया। जहां भर्ती कराकर देखभाल की जा रही है। वहीं जिला अस्पताल में सोमवार और मंगलवार को हुई जांच में 13 महिलाएं मानसिक रोगी मिली हैं। इन 13 लोगों को बरेली में संचालित एक शेल्टर होम में शिफ्ट कराने के लिए आश्रम के कर्मियों की तरफ से बातचीत की जा रही है। चिकित्सकों की जांच के बाद रिपोर्ट तैयार कर शेल्टर होम संचालक को भेजकर उनकी हालत से अवगत कराया जाएगा। उनकी अनुमति पर इन्हें यहां से बरेली के लिए रवाना किया जाएगा। जिन लोगों को बरेली भेजे जाने की बात चल रही है, उनमें 13 पुरुष शामिल हैं। इनके अलावा आठ कम उम्र की लड़कियों को किसी नारी संरक्षण गृह में भेजे जाने का प्रयास चल रहा है। वृद्धाश्रम के प्रबंधक प्रदीप कुमार त्रिवेदी ने बताया कि आश्रम में शिफ्ट मानसिक रोगियों को बेहतर जगह भेजवाने का प्रयास किया जा रहा है। बरेली के एक शेल्टर होम संचालक से बातचीत हो गई है। जहां 13 लोगों को भेजे जाने की रिपोर्ट तैयार की जा रही है।