गोरखपुर। कानपुर नगर में जहरीली शराब से हुई मौतों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। रविवार को सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री ने कहा कि देशी दारू की दुकान से जहरीली शराब बिकवाने में सपा के पूर्व विधायक और उनके जुड़े लोगों के नाम सामने आए हैं।
इस मामले में मुकदमा दर्ज करके कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देशी शराब की दुकान की आड़ में जहरीली शराब बेचने के पीछे बड़ा षडयंत्र है। इसकी गहनता से छानबीन कराई जा रही है। इसके निर्देश कानपुर नगर, कानपुर देहात प्रशासन को दिए गए हैं। मामले में अधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी। जिन अफसरों की लापरवाही सामने आएगी, उन्हें भी नहीं बख्शा जाएगा। पीड़ित परिवारों के प्रति राज्य सरकार की संवेदना है। राज्य सरकार की तरफ से पीड़ित परिवारों को सहायता राशि दी जाएगी। इसका एलान पहले किया जा चुका है।