गोरखपुर।
रेलवे सुरक्षा बल क्रीड़ा संघ पूर्वोत्तर रेलवे के तत्वावधान में चार दिवसीय अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल बास्केटबॉल प्रतियोगिता शनिवार को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में शुरू हुई। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य संरक्षा अधिकारी नरेंद्र कुमार अंबिकेष ने इसका शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग ले रही टीमों के मार्च पास्ट की सलामी ली और खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे एवं रेलवे सुरक्षा विशेष बल के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में पूर्वोत्तर रेलवे ने शुरू से अपना दबदबा बनाए रखा। उसने 30-11 से मैच जीता। विजेता टीम की ओर से भीम सिंह एवं सूर्यभान सिंह टॉप स्कोरर रहे। तीन पूलों में बंटी प्रतियोगिता में कुल 9 टीमें मध्य रेलवे, पूर्व रेलवे, उत्तर रेलवे, रेलवे सुरक्षा विशेष बल, दक्षिण रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, पश्चिम रेलवे, पश्चिम मध्य रेलवे तथा मेजबान पूर्वोत्तर रेलवे की टीमें भाग ले रही हैं। इस दौरान पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ अध्यक्ष एवं अपर मुख्य सुरक्षा आयुक्त वीरेंद्र कुमार, क्रीड़ाधिकारी एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त नरेंद्र कुमार, आयोजन सचिव एवं सहायक सुरक्षा आयुक्त अमरपाल जोशिया सहित रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी, जवान एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।