गोरखपुर। छात्रसंघ चुनाव टाले जाने के विरोध में आंदोलन कर रहे छात्र-छात्राओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेने की मांग लेकर सोमवार को छात्रों ने एडी बिल्डिंग पर धरना प्रदर्शन किया और यूनिवर्सिटी प्रशासन विरोधी नारे लगाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कारने की मांग की।
छात्रों ने बताया कि कुछ छात्रनेताओं के उकसाने पर लाठीचार्ज की नौबत आ गई। बवाल के असल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और निर्दोष पर मुकदमे लाद दिए गए हैं। मां-बाप से दूर हॉस्टल में रहकर पढ़ाई करने वाले ज्यादातर छात्र गरीब परिवारों से हैं। पुलिस बवाल के नाम पर इनका उत्पीड़न कर रही है। घटना वाले दिन भी पुलिस ने हॉस्टल के कमरों में घुसकर बेगुनाह छात्रों पर लाठियां भांजी थीं। अगर जल्द ही निर्दोष छात्रों को रिहा नहीं किया गया तो छात्र आंदोलन को मजबूर होंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी यूनिवर्सिटी प्रशासन की होगी। प्रदर्शन करने वालों में विश्वेश्वर, विवेक, शिवम अग्रहरी, करन, अनुराग, सचिन, सूरज वर्मा, विजय यादव आदि शामिल थे।