पथराव में क्षतिग्रस्त पुलिस जीप।
- फोटो : Amar Ujala
भटहट के बरहरिया टोला में अवैध ढंग से पशु (भैंस) का कटान होने की सूचना पर गई पुलिस पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। भीड़ के हमलावर तेवर से बचने के लिए पुलिस वालों को भागना पड़ा। इस बीच पुलिस की जीप में भी तोड़फोड़ की गई।
एक ग्रामीण से कंट्रोल रूम को मंगलवार शाम फोन पर मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम सक्रिय हुई थी। जानकारी पर डायल-100 की टीम और फिर चौकी इंचार्ज भी बताई गई जगह पहुंच गए। एकाएक वहां जुटे लोगों के बीच से पथराव शुरू हो जाने पर पुलिस वालों को उल्टे पांव दौड़ना पड़ा। कुछ सिपाही चोटिल भी हो गए। इस बीच गुलरिहा के थानेदार अनिल उपाध्याय फोर्स लेकर पहुंचे और हमलावर भीड़ को खदेड़ा। क्षतिग्रस्त जीप कब्जे में लेकर कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया। तनाव देख इलाके में फोर्स तैनात की गई है।
बरहिया टोला में मची रही अफरा तफरी
भटहट के बरहरिया टोला में मंगलवार शाम अवैध ढंग से पशु (भैंस) का कटान होने की सूचना पर गई पुलिस पर पथराव और जीप में तोड़फोड़ की सूचना से इलाके में अफरा तफरी मची रही। हालांकि फोर्स लगाकर जल्द ही पुलिस ने माहौल सामान्य कर लिया। बताते हैं कि बरहिया टोला में लंबे समय से पशु (भैंस) का कटना होता रहा है। मंगलवार शाम किसी ग्रामीण की ओर से अवैध कटान की जानकारी फोन से दिए जाने पर पुलिस सक्रिय हुई थी। मामला समझ पाने से पहले ही कुछ लोगों ने ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिए। इससे जीप क्षतिग्रस्त हुई और पुलिस को खुद का बचाव तलाशना पड़ा। आसपास के लोगों में भी अफरा तफरी मच गई। बाद में एसओ ने ज्यादा फोर्स के साथ पहुंचकर हालात सामान्य कराए।
किसी ने गांव में चमड़ा फेंक दिया था। पशु काटने की सूचना पर पुलिस गई थी। पुलिस की वापसी के दौरान अंधेरे में किसी ने पत्थर फेंके। दोषियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है।
- आरपी पांडेय, एसएसपी