गोरखपुर।
मेट्रो के लिए यात्री तलाशने के क्रम में हाउसहोल्ड सर्वे के साथ ही अब शुक्रवार से सर्वेयर की टीम रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट पर भी दस्तक देगी। इसके लिए 10 से अधिक टीमें बनाई गई हैं। टीम के सदस्य दिल्ली, मुंबई, लखनऊ, कोलकाता, पंजाब समेत कई बड़े शहरों से गोरखपुर आने व यहां से जाने वाली विभिन्न ट्रेनों के एसी और स्लीपर कोच के यात्रियों के बीच पहुंचकर सर्वे करेंगे। टीम ने गुरुवार को कचहरी और रेलवे बस स्टेशनों पर सर्वे किया।
उधर, रेलवे और एयरपोर्ट के साथ ही अब सर्वे करने वाली टीमें मल्टीप्लेक्स, शॉपिंग माल, सरकारी दफ्तरों और स्कूलों में भी अगले सप्ताह से सर्वे शुरू करेंगी। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शहर से सटे 114 गांवों के लोगों को भी मेट्रो तक पहुंचाने के लिए एसी बसें चलाने की भी योजना है। इसकी जरूरतों को लेकर भी सर्वे चल रहा है। मेट्रो स्टेशन से दूर पड़ने वाले इलाकों के लोगों की सहूलियत के लिए शहर के भी कुछ रूटों पर एसी बसें चलाई जा सकती हैं।