विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन के बाद गुरुवार को हुई पर्चों की जांच में 166 में से 33 प्रत्याशियों के पर्चें खारिज हो गए। इनमें पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक के अलावा शहर सीट से सपा के राहुल गुप्ता का भी नाम शामिल है। देर शाम तक चली नामांकन पत्रों की जांच के बाद कई ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाए। दलों से जुड़े ज्यादातर प्रत्याशियों के पर्चे संबंधित पार्टी की तरफ से प्रत्याशी की घोषणा वाले एबी फॉर्म नहीं होने की वजह से खारिज हुए। ग्रामीण विधानसभा सीट से तो नामांकन करने वाले 25 प्रत्याशियों में से 13 प्रत्याशियों का पर्चा निरस्त हो गया।
चिल्लूपार विधानसभा से पूर्व मंत्री श्याम लाल यादव ने कांग्रेस के साथ ही रालोद और निर्दल भी पर्चा दाखिल किया था। उनके तीनों पर्चे खारिज हो गए। दो पर्चे पार्टी की तरफ से एबी फॉर्म नहीं मिलने की वजह से तो एक पर्चा प्रस्तावक की कमी की वजह से खारिज हो गया। इसी तरह चिल्लूपार से ही समाजवादी पार्टी की तरफ से नामांकन करने वाले पूर्व विधायक राजेंद्र सिंह पहलवान का भी पर्चा एबी फॉर्म नहीं मिलने की वजह से खारिज हो गया। शहर सीट से सपा के राहुल गुप्ता का एबी फॉर्म पार्टी की ही तरफ से निरस्त कर देने की वजह से उनका भी पर्चा खारिज हो गया। राहुल ने खुद कलेक्ट्रेट पहुंच पार्टी की तरफ से निरस्त किए गए एबी फॉर्म की कॉपी आरओ को मुहैया कराई। पर्चों की जांच सुबह 11 बजे शुरू हुई जो शाम करीब छह बजे तक चली।
इसके बाद जिनके पर्चे खारिज हुए उनमें से कई लोगों ने विभिन्न आरओ के सामने विरोध जताया। ग्रामीण विधानसभा के निर्दल प्रत्याशी रतन दत्त पांडेय समेत कई प्रत्याशियों का कहना था कि भेदभाव और दूसरे प्रत्याशियों के इशारे पर प्रशासन ने उनके पर्चे निरस्त कर दिए हैं। वहीं जिला निर्वाचन अधिकारी व डीएम सन्ध्या तिवारी ने विरोध कर रहे प्रत्याशियों से कहा कि आयोग की गाइडलाइन के मुताबिक ही कार्रवाई हुई है अगर किसी को आपत्ति है तो वे कोर्ट या आयोग में जा सकता है।
0 सहजनवां-
रामललित- जन अधिकार पार्टी
राजकुमार सिंह राना-भारत कल्याण पार्टी
रामधनी- देशभक्ति निर्माण पार्टी
0 पिपराइच-
सरोज गुप्ता-ओजस्वी पार्टी
लवकुश- निर्दल
बीर बहादुर सिंह- उत्तर प्रदेश रिपब्लिकन पार्टी
0 खजनी-
सर्वजीत- भारत कल्याण पार्टी
0 शहर-
राहुल गुप्ता- समाजवादी पार्टी
सुमन सरोज-रालोद
नूरी - निर्दल
0 बांसगांव-
लाल चंद्र प्रसाद- अंबेडकर समाज पार्टी
0 चिल्लूपार-
श्याम लाल- कांग्रेस, रालोद, निर्दल
राजेंद्र सिंह- सपा
जोगिंदर- निर्दल
0 चौरीचौरा-
कल्याण प्रसाद दुबे- निर्दल
दुर्गेश पांडेय- सत्य क्रांति पार्टी
वीरेंद्र कुमार- विकास पार्टी
सिंधु- ज्वाला दल
धूप- निर्दल
मनीष सिंह- निर्दल
0 ग्रामीण-
इंद्रासन मौर्य- जन अधिकार पार्टी
राजेश- कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया
संजय-ओजस्वी पार्टी
शैलेंद्र कुमार मिश्र-राष्ट्रीय परिवर्तन दल
अशोक गौड़- निर्दल
अभय कुमार शर्मा- निर्दल
नफीस अख्तर- निर्दल
विकाऊ- निर्दल
बुद्धिराम- निर्दल
रतन दत्त पांडेय- निर्दल
शादाब अहमद- निर्दल
डॉ शैलेष सिंह- निर्दल
कैलाश विश्वकर्मा- निर्दल
00
विधानसभा नामांकन बचे प्रत्याशियों की संख्या
कैंपियरगंज 14 14
पिपराइच 24 21
शहर 26 23
ग्रामीण 25 12
सहजनवां 17 14
खजनी 12 11
चौरीचौरा 26 20
बांसगांव 09 08
चिल्लूपार 13 10
0
कल नाम वापस लेने का मौका
18 फरवरी की दोपहर तीन बजे तक कोई भी प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकता है। इसके बाद प्रतीक चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।