आज तक नहीं मिली अंग्रेजी विषय की किताबें
परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों को नहीं दी गईं पुस्तकें
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले में संचालित अंग्रेजी माध्यम के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा देने के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। 15 अगस्त बीत जाने के बाद भी नाम मात्र के किताबों से अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में नामांकित नौनिहाल शिक्षा ले रहे हैं। विभाग की ओर से आज तक केवल कक्षा चार व पांच में विद्यार्थियों के लिए दो विषय की किताबें भेजी गई हैं। वहीं कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थी बिना किताबों के ही शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। खास बात यह है कि अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में किसी भी कक्षा के विद्यार्थी को अंग्रेजी विषय की किताबें नहीं दी गई है।
जिले के 72 परिषदीय विद्यालयों में अंग्रेजी माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा देेने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत जिले के सभी 12 ब्लाकों में छह-छह विद्यालयों को अंग्रेजी माध्यम से बच्चों को शिक्षा दिलाने के लिए नामित किया गया है। इसके लिए कुल दो चरणों में शिक्षकों की परीक्षा व उनसे विकल्प लिए के बाद सभी विद्यालयों में अब तक कुल 303 शिक्षकों की तैनाती की गई है। अब भी करीब 57 शिक्षकों के पद इन स्कूलों में रिक्त हैं। विभाग के आंकड़ों पर गौर किया जाय तो अंग्रेजी माध्यम के कक्षा पांच के विद्यार्थियों के लिए हमारा परिवेश विषय की कुल 1284 और गणित विषय की 1834 किताबें भेजी गई हैं। वहीं कक्षा चार के विद्यार्थियों के लिए हमारा परिवेश विषय की 2138 व गणित विषय की 2138 किताबें सभी स्कूलों को भेजी गई हैं। परंतु कक्षा एक, दो और तीन के विद्यार्थियों के लिए किसी विषय की किताब नहीं भेजी गई है। जिससे विद्यार्थी बिना किताब के ही शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बीएसए जगदीश शुक्ला ने कहा कि जिले में अंग्रेजी व हिंदी माध्यम परिषदीय स्कूलों में किताबों की आपूर्ति के लिए उच्चाधिकारियों से बात की जा रही है। जिले में पुस्तकें प्राप्त होते ही सभी स्कूलों को भेज दी जाएंगी।