लखनऊ और गाजीपुर के ध्यानार्थ
रेलवे स्टेशन के वेटिंग हॉल
में होगा बेबी फीडिंग कॉर्नर
- पूर्वोत्तर रेलवे के पांच स्टेशनों पर होगी सुविधा
- गोरखपुर स्टेशन के एसी वेटिंग रूम में सुविधा शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
गोरखपुर। रेलवे स्टेशनों पर महिलाएं अपने बच्चों को अब निश्चिंत होकर स्तनपान करा सकेंगी। भीड़-भाड़ में उन्हें शर्मिंदा नहीं होना पड़ेगा। रेलवे ने स्टेशनों पर बेबी फीडिंग कॉर्नर स्थापित करने की योजना बनाई है। पायलट प्रोजेक्ट में पूर्वोत्तर रेलवे के पांच स्टेशनों गोरखपुर, लखनऊ, छपरा, गाजीपुर सिटी और काठगोदाम को शामिल किया गया है। गोरखपुर स्टेशन के एसी वेटिंग रूम में बेबी फीडिंग कॉर्नर स्थापित भी हो चुका है।
महिलाओं की परेशानियों के मद्देनजर रेलवे ने पहले स्टेशनों पर चेंजिंग रूम की सुविधा पहले ही शुरू कर दी है। अब बच्चों को दूध पिलाने के लिए भी एक निश्चित जगह मुकर्रर की है। गोरखपुर स्टेशन पर एसी वेटिंग रूम में बने बेबी फीडिंग कॉर्नर में चार से पांच महिलाएं एक साथ बच्चों को स्तनपान करा सकती हैं। इसके लिए कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं देना है। बेबी फीडिंग कॉर्नर में कुर्सियों के अलावा एक बेड भी रखा गया है। इसके अलावा बच्चों के लिए खिलौने भी हैं ताकि उनका मन बहलाया जा सके।