गोरखपुर। रेलवे की लापरवाही के चलते बादशाहनगर इंटरसिटी से सफर करने वाले 13 यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिस बोगी में उन्हें सीट आवंटित थी, उसमें वह सीट थी ही नहीं। परेशान होकर एक यात्री ने पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक को ट्वीट कर शिकायत की। इसके बाद हरकत में आए अफसरों ने यात्रियों को दूसरी बोगियों में बैठने का इंतजाम कराया। रेल प्रशासन ने इस मामले की जांच भी शुरू करा दी है।
दरअसल, सुबह लखनऊ जाने वाली बादशाहनगर इंटरसिटी में चेयर कार की जगह जनरल बोगी लगा दी गई। चेयर कार में 103 सीटें होती हैं, जबकि जनरल बोगी में 90। जब चेयरकार में रिजर्व टिकट बुक कराने वाले यात्री जनरल बोगी में पहुंचे तो 91 से 103 नंबर वालों को सीटें ही नहीं मिलीं। काफी देर तक वे परेशान रहे। इसके बाद टीटीई को सूचना दी। पड़ताल में पता चला कि ट्रेन में कोच ही गलत लग गया है। यात्री सर्वेश त्रिपाठी ने महाप्रबंधक को ट्वीट कर बताया कि ट्रेन में डी वन की जगह जनरल कोच लगा दिए गए हैं। इसके बाद ट्रेन में यात्रियों को सीट उपलब्ध कराई गई।