कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया।
गोरखपुर। कमिश्नर अनिल कुमार ने शुक्रवार की देर शाम मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वार्डों में गंदगी और आसपास कुत्तों को देख उन्होंने एसआईसी को जमकर फटकार लगाई और भविष्य में इस तरह की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाएं जांचने के साथ ही कॉलेज में हो रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। कमिश्नर ने परिसर में नगर निगम द्वारा बनाई जा रही सड़क के निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देश दिया कि 25 जून तक सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाए। बरसात से पहले जल निकासी के लिए नालियाें का काम भी हर हाल में पूरा कर लेने की चेतावनी दी। कमिश्नर ने मेडिकल कॉलेज में बन रहे 10 मंजिला भवन का भी निरीक्षण कर समय से काम पूरा करने को कहा।