अफसरों की मौजूदगी में कब्र से शव को निकलवाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
डुमरियागंज(सिद्धार्थनगर)। हल्लौर गांव में एक पखवाड़ा पहले दम घुटने से हुई चार मौत के मामले में अब नया मोड़ आ गया है। घटना के 13 दिन बाद मृतक अरमान की पत्नी ने पति की हत्या की आशंका जताई है। गुरुवार को डीएम के आदेश पर एसडीएम ने पुलिस की मौजूदगी में लाश को कब्र से बाहर निकलवाया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के मुताबिक हल्लौर गांव में जलाल रिजवी के घर उनका दामाद अरमान अपने परिवार के साथ मुंबई से आया था। 12 जनवरी को वे सभी लोग एक कमरे में अंगीठी जलाकर सोए थे। अगले दिन सुबह कमरे में सोए अरमान (28), जिओ फातिमा (65), रुखसार (20 ) और नरजिस (45) मृत हाल में मिले थे, जबकि तीन अन्य अचेत थे। डॉक्टर ने चारों की मौत का कारण कमरे में कार्बन मोनो ऑक्साइड गैस से दम घुटने को बताया। 14 जनवरी को दोपहर बाद परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में शव को अंतिम संस्कार कर दिया गया था। अब तेरह दिन बाद घटना में अचानक नया मोड़ आ गया।
मृतक की पत्नी नूरी फातिमा ने 27 जनवरी को डीएम को पत्र देकर अपने पति अरमान की हत्या की आशंका जताई थी। डीएम के आदेश पर गुरुवार को लाश को पोस्टमार्टम के लिए कब्र से बाहर निकाला गया। एसडीएम राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि डीएम के निर्देश पर लाश को कब्र से निकलवाकर पुलिस अभिरक्षा में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इंस्पेक्टर आरबी सिंह ने बताया कि रिपोर्ट आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।