गोरखपुर।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के बालरोग विभाग में बीते 24 घंटे के दौरान 13 मौतें हुईं। इसमें नियोनेटल इंटेंसिव केयर यूनिट (एनआईसीयू) में आठ जबकि पीडियाट्रिक आईसीयू में पांच बच्चों की मौत हुई। मरने वालों में एक इंसेफेलाइटिस मरीज भी शामिल है।
महराजगंज की ढाई वर्षीय निक्की पुत्री हीरानंद एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस) से पीड़ित थी। परिवारवालों ने उसे बालरोग विभाग के 100 बेड वार्ड में भर्ती कराया था। पीआईसीयू में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, इस बीच 27 इंसेफेलाइटिस के नए मरीज बीआरडी में भर्ती किए गए। इस समय मेडिकल कॉलेज में इंसेफेलाइटिस से पीड़ित कुल 118 मरीजों का इलाज चल रहा है। इस साल अभी तक बीआरडी में भर्ती कराए गए इंसेफेलाइटिस के 787 मरीजों में से 182 दम तोड़ चुके हैं।